पंजाब सीएम ने नाटकीय बहानों से जनता को गुमराह करने की कोशिश की: भाजपा
चंडीगढ़, 25 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पंजाब के मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए गुरुवार को कहा कि अपनी सरकार पर लगे गंभीर आरोपों का जवाब देने के बजाय भगवंत मान ने लोगों को गुमराह करने की कोशिश की और ध्यान भटकाने वाले बयान तथा नाटकीय बहाने पेश किए।
ढिल्लों ने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री मान ने जानबूझकर पंजाब से जुड़े सबसे गंभीर सवालों के जवाब देने से बचते रहे। उन्होंने 10 लाख रुपए की रिश्वत, फर्जी फॉरेंसिक रिपोर्ट, गुरुग्राम में दर्ज एफआईआर और पंजाब पुलिस की भूमिका पर पूरी तरह चुप्पी साध ली। आरोप है कि पुलिस ने एक फर्जी रिपोर्ट के आधार पर सच्चाई को दबाने और शामिल लोगों को बचाने की कोशिश की।
ढिल्लों ने कहा कि भगवंत मान को झूठ का नकाब उतार देना चाहिए, क्योंकि पंजाब की जनता सब देख रही है।
उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की चुप्पी पर भी सवाल उठाया और कहा कि उनकी प्रतिक्रिया न देना पार्टी नेतृत्व की भूमिका पर और गंभीर सवाल खड़े करता है।
ढिल्लों ने कहा कि जब सत्ता में बैठे लोग किसी साजिश का हिस्सा बन जाते हैं, तो वे सच का सामना करने का नैतिक साहस खो देते हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल और मान की लगातार चुप्पी यह शक और मजबूत करती है कि यह साजिश अभी सामने आए से कहीं गहरी है।
भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब की जनता पारदर्शिता और जवाबदेही चाहती है। किसी भी सरकार को संस्थाओं के साथ छेड़छाड़ करने, सबूत गढ़ने और पुलिस का दुरुपयोग करके सच को दबाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
उन्होंने कहा कि पंजाब जवाब मांग रहा है, राजनीतिक नाटक नहीं। मुख्यमंत्री मान ने नैतिक अधिकार खो दिया है और उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
वहीं दूसरी ओर, मुख्यमंत्री मान ने मीडिया के सामने एक फर्जी वीडियो का खुलासा करते हुए कहा था कि उनकी छवि को धार्मिक आधार पर खराब करने की साजिश की गई है। उन्होंने कहा कि उनके जैसा दिखने वाला मास्क इस्तेमाल करके यह वीडियो बनाया गया। उन्होंने कनाडा स्थित जगमन समरा को इस वीडियो के निर्माण में शामिल व्यक्ति बताया।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी