×

सुनील दत्त की 97वीं जयंती पर बेटी प्रिया दत्त ने दी श्रद्धांजलि, शेयर किया भावुक पोस्ट

 

मुंबई, 6 जून (आईएएनएस)। एक्ट्रेस और पॉलिटिशियन प्रिया दत्त ने शनिवार को अपने पिता, मशहूर एक्टर और पॉलिटिशियन सुनील दत्त की 97वीं जयंती पर उन्हें याद करते हुए एक इमोशनल नोट लिखा।

उन्होंने सुनील दत्त की तस्वीरों वाला एक वीडियो शेयर करते हुए उनके मूल्यों, सीख और दयालुता के बारे में बात की जो उन्हें अपने पिता से मिली थीं। उन्होंने कहा कि उनके न होने के बावजूद, उनकी मौजूदगी आज भी उन्हें हर दिन राह दिखाती है।

उन्होंने लिखा, "अब और हमेशा के लिए।" पोस्ट शेयर करते हुए प्रिया ने दिल से उन्हें याद किया और साथ बिताए पलों के लिए आभार जताया। उन्होंने लिखा, "हैप्पी बर्थडे, पापा! कुछ लोग ऐसे होते हैं, जिनकी मौजूदगी कभी हमसे दूर नहीं होती, चाहे कितना भी समय बीत जाए। आपकी मेरी जिंदगी में वैसी ही मौजूदगी हैं। आपने मुझे जो भी सिखाया, जिन मूल्यों को अपनाया और आपकी दयालुता के जो भी काम मैंने देखे, वे सब आज भी मुझे हर दिन राह दिखाते हैं।"

उन्होंने लिखा, "आज, आपकी जयंती पर, मैं न केवल आपकी शानदार जिंदगी का जश्न मना रही हूं, बल्कि उस प्यार, दया और इंसानियत का भी, जिसे आपने दुनिया के साथ दिल खोलकर बांटा। मैं आपको बहुत याद करती हूं, लेकिन उन सभी पलों, बातचीत और यादों के लिए भी शुक्रगुजार हूं, जो मुझे आपके साथ बिताने का सौभाग्य मिला। हमेशा आपकी बेटी। हमेशा गर्व महसूस करने वाली। हमेशा आभारी। हमेशा आपसे प्यार करती हूं, पापा।"

इसी मौके पर एक्टर संजय दत्त ने भी एक भावुक पोस्ट के जरिए अपने पिता को याद किया। अपनी प्यारी यादों को शेयर करते हुए, संजय ने कहा कि वह हर दिन अपने पिता सुनील दत्त को याद करते हैं।

सुनील दत्त की बात करें तो, यह दिग्गज एक्टर भारतीय सिनेमा की सबसे सम्मानित हस्तियों में से एक रहे हैं। बॉलीवुड में 'रेलवे प्लेटफॉर्म' फिल्म से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने के बाद, उन्होंने 'मदर इंडिया', 'साधना', 'मुझे जीने दो', 'वक्त', 'पड़ोसन', 'हमराज' और 'रेशमा और शेरा' जैसी फिल्मों में यादगार परफॉर्मेंस दीं।

अपने शानदार फिल्मी करियर के अलावा सुनील दत्त ने समाज सेवा और राजनीति में भी अहम योगदान दिया। जानकारी के लिए बता दें कि सुनील दत्त का 25 मई 2005 को 75 वर्ष की उम्र में हार्टअटैक से निधन हो गया था।

--आईएएनएस

डीके/पीएम