×

प्रेस फ्रीडम ग्रुप का ट्रंप से आग्रह, चीन दौरे के दौरान जिमी लाई की रिहाई पर करें बात

 

पेरिस, 12 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तीन दिवसीय दौरे पर चीन पहुंचेंगे। उनकी इस यात्रा से पहले लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ता जिमी लाई फिर सुर्खियों में आ गए हैं। एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मीडिया स्वतंत्रता संगठन ने ट्रंप से आग्रह किया है कि वे राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ होने वाली बैठक में हांगकांग के ‘एप्पल डेली’ अखबार संस्थापक और सामाजिक कार्यकर्ता जिमी लाई की रिहाई का मुद्दा उठाएं।

जिमी लाई लंबे समय से हिरासत में हैं। इस पर चिंता जताते हुए रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स (आरएसएफ) ने कहा कि 1,950 दिनों से अधिक समय से हिरासत में रहने के कारण उनकी सेहत काफी खराब हो गई है। बीजिंग की ओर से लागू हांगकांग राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत उन्हें अब तक की सबसे लंबी सजा दी गई है।

राष्ट्रपति ट्रंप 13 मई से 15 मई तक चीन की राजकीय यात्रा पर जाने वाले हैं। लगभग एक दशक में किसी मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति की यह पहली चीन यात्रा होगी।

आरएसएफ एशिया-प्रशांत की एडवोकेसी मैनेजर अलेक्जेंड्रा बिएलाकोव्स्का ने कहा, “अपना जीवन लोकतंत्र और प्रेस स्वतंत्रता की रक्षा के लिए समर्पित व्यक्ति की तत्काल रिहाई सुनिश्चित करने के लिए अमेरिका को त्वरित और निर्णायक कदम उठाने चाहिए। राष्ट्रपति ट्रंप कई बार कह चुके हैं कि जिमी लाई की आजादी उनकी प्राथमिकता है — अब उन शब्दों को ठोस कार्रवाई में बदलने की जरूरत है।”

उन्होंने आगे कहा, “दुनिया पहले ही प्रेस स्वतंत्रता के समर्थक और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता लियू शियाओबो की चीनी जेल में दुखद मौत देख चुकी है, जो अपर्याप्त अंतरराष्ट्रीय दबाव के बीच हुई थी। उस विफलता को दोहराया नहीं जाना चाहिए। जिमी लाई को भी वैसी ही स्थिति से न गुजरना पड़े। हम राष्ट्रपति ट्रंप से अपील करते हैं कि वे अपनी चीन यात्रा के दौरान जिमी लाई की रिहाई के लिए दबाव डालें और उन्हें बिना देरी घर वापस लाएं।”

आरएसएफ के अनुसार, फरवरी 2026 में जिमी लाई को 20 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। वहीं, ‘एप्पल डेली’ के छह अन्य कर्मचारियों को भी 6 से 10 साल तक की जेल की सजा दी गई। यह कार्रवाई हांगकांग में स्वतंत्र प्रेस पर बीजिंग की बढ़ती सख्ती के बीच हुई।

संगठन ने कहा कि दिसंबर 2020 में गिरफ्तारी के बाद से जिमी लाई को कठोर परिस्थितियों, विशेष रूप से एकांत कारावास, का सामना करना पड़ा है, इस वजह से उनकी सेहत बिगड़ गई और उनका वजन काफी कम हो गया है।

आरएसएफ के मुताबिक, 2020 से अब तक हांगकांग सरकार करीब 28 पत्रकारों पर मुकदमा चला चुकी है, जिनमें से आठ हाल-फिलहाल हिरासत में हैं।

संगठन ने कहा, “हांगकांग में पत्रकारों को व्यवस्थित रूप से उत्पीड़न, ऑनलाइन और ऑफलाइन निगरानी, डॉक्सिंग (बिना सहमति के निजी जानकारी सार्वजनिक करना) और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।”

पिछले सप्ताह अमेरिकी कांग्रेस के 100 से अधिक द्विदलीय सदस्यों ने भी राष्ट्रपति ट्रंप से अपील की थी कि वे शी जिनपिंग के साथ आगामी बैठक में जिमी लाई की रिहाई का मुद्दा उठाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि 78 वर्षीय लाई की सेहत तेजी से बिगड़ रही है।

--आईएएनएस

केआर/