पुर्तगाली पीएम ने अपने देश के प्रवासन मॉडल का किया बचाव
लिस्बन, 5 अगस्त (आईएएनएस)। स्पेन के स्यूटा प्रवासी संकट को लेकर मंगलवार को ईयू विदेश मंत्रियों की इस समस्या पर अहम बैठक हुई। जिसमें सीमाओं को सुरक्षित रखने पर जोर दिया गया और इसे 'साझा जिम्मेदारी' करार दिया। इस बीच, पुर्तगाल के प्रधानमंत्री लुइस मोंटेनेग्रो ने अपने देश के प्रवासन मॉडल को बेहतरीन करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह मॉडल अन्य देशों में दिखने वाली "प्रवासन प्रवाह के नियमन की कमी" के बिल्कुल उलट है।
लूसा न्यूज एजेंसी के मुताबिक, मोंटेनेग्रो ने कहा कि पुर्तगाल यह सुनिश्चित करता है कि उसके देश में आने वाले प्रवासियों को नौकरी, आवास, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा से संबंधित सुविधाएं तरह से मिले और वो सम्मान से अपना जीवन यापन कर सकें।
सिन्हुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने तर्क दिया कि जिन देशों में पुल-इफेक्ट माइग्रेशन पॉलिसी होती हैं, वे अक्सर प्रवासियों को सही हालात दिए बिना ही अट्रैक्ट कर लेते हैं।
यूरोपियन यूनियन (ईयू) के गृह मंत्रियों की स्यूटा संकट पर बुलाई ऑनलाइन बैठक के बाद जारी बयान पर उन्होंने अपने विचार साझा किया। यूरोपीय संघ (ईयू) ने बाहरी सीमाओं की सुरक्षा को 'साझा जिम्मेदारी' बताते हुए बाहरी सीमाओं को और मजबूत करने के साथ ही प्रवासियों की वापसी के सही तरीके अपनाने पर जोर दिया।
स्पेन के गृहमंत्री ने कहा कि पिछले हफ्ते 24 घंटे के अंदर लगभग 72,000 लोग अचानक स्यूटा में दाखिल हो गए थे, जिनमें से लगभग 70,000 तब से मोरक्को लौट गए हैं।
इससे पहले 31 जुलाई को, पुर्तगाली सरकार ने कहा था कि वह स्पेन के उत्तर अफ्रीकी इलाके स्यूटा में माइग्रेशन संकट को लेकर गंभीर है और शेंगेन इलाके में सख्त सीमा नियंत्रण को लेकर प्रतिबद्ध है।
पुर्तगाली प्रधानमंत्री लुइस मोंटेनेग्रो के कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, सरकार ने संकट में मारे गए लोगों के लिए दुख जताया और कहा कि स्पेनिश सरकार उसे इस संकट की लगातार जानकारी देती रही है।
पुर्तगाली अधिकारियों ने बताया था कि वे स्पेनिश और मोरक्कन दोनों सरकारों के संपर्क में हैं, और पुर्तगाली सुरक्षा बल (जिसमें जीएनआर जेंडरमेरी और मैरीटाइम पुलिस शामिल हैं) अपने स्पेनिश समकक्षों को पूरा सहयोग दे रहे हैं।
--आईएएनएस
केआर/