×

शेंगेन समझौते को सस्पेंड नहीं करेगा पुर्तगाल, स्यूटा संकट के बीच दक्षिणी सीमाओं पर बढ़ाएगा निगरानी

 

लिस्बन, 1 अगस्त (आईएएनएस)। स्यूटा प्रवासी संकट के बीच पुर्तगाल के प्रधानमंत्री लुइस मोंटेनेग्रो ने स्पष्ट किया है कि उनका देश "स्पेन के साथ शेंगेन क्षेत्र के तहत मुक्त आवाजाही (फ्री मूवमेंट) संबंधी समझौते को सस्पेंड नहीं करेगा।" हालांकि दक्षिणी समुद्री और स्थलीय सीमाओं पर सुरक्षा और सीमा नियंत्रण को और सख्त किया जाएगा।

मोंटेनेग्रो ने कहा, "शेंगेन क्षेत्र के नियमों को निलंबित करने जैसा कोई कदम उठाने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन इस घटना को देखते हुए दक्षिणी पुर्तगाल की समुद्री और स्थलीय सीमाओं पर सुरक्षा बलों की मौजूदगी और निगरानी बढ़ाने के पर्याप्त कारण हैं।"

स्थानीय मीडिया के अनुसार, पिछले 24 घंटों में लगभग 60,000 प्रवासी मोरक्को से स्पेन के उत्तर अफ्रीकी एन्क्लेव स्यूटा में प्रवेश कर चुके हैं। इस दौरान समुद्र के रास्ते सीमा पार करने की कोशिश में 67 लोगों की मौत हो गई। मोंटेनेग्रो ने इस स्थिति को "गंभीर" बताया, लेकिन साथ ही लोगों को उत्तेजित न होने की सलाह दी और यथार्थवादी तथा संतुलित फैसले लेने की अपील की।

स्पेन के गृह मंत्रालय के अनुसार, शुक्रवार शाम छह बजे (1600 जीएमटी) तक लगभग 48,300 प्रवासी मोरक्को लौट चुके थे। इनमें से कई लोगों ने स्वेच्छा से वापसी की, क्योंकि उन्हें एहसास हो गया था कि वे स्पेन में नहीं रह पाएंगे।

पुर्तगाल सरकार ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि वह स्यूटा में उत्पन्न प्रवासी संकट पर "गहरी चिंता" जताते हुए पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है और शेंगेन क्षेत्र की अखंडता बनाए रखने के लिए कड़े सीमा नियंत्रण की अपनी नीति दोहराती है।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई और बताया गया कि स्पेन सरकार लगातार पुर्तगाल को स्थिति की जानकारी दे रही है।

बयान में कहा गया, "पुर्तगाल सरकार दोहराती है कि शेंगेन व्यवस्था की अखंडता कठोर सीमा नियंत्रण और अवैध प्रवासन के सभी रूपों के खिलाफ दृढ़ कार्रवाई पर निर्भर करती है।"

पुर्तगाली अधिकारियों ने बताया कि उनका देश स्पेन और मोरक्को दोनों सरकारों के संपर्क में है। पुर्तगाल की जेंडरमेरी और मैरीटाइम (जीएनआर) पुलिस सहित सुरक्षा एजेंसियां अपने स्पेनिश समकक्षों के साथ समन्वय बनाए हुए हैं।

सरकार ने कहा कि स्पेन ने भरोसा दिलाया है कि मोरक्को के साथ समन्वय करके हाल के दिनों में तेज हुए हजारों प्रवासियों के प्रवाह को वापस भेजने की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी।

इस बीच, स्पेनिश अधिकारियों के अनुसार, समुद्र के रास्ते स्यूटा पहुंचने की कोशिश में मरने वालों की संख्या शुक्रवार तक कम से कम 34 हो गई, जबकि पिछले दो दिनों में करीब 50,000 प्रवासी स्यूटा में प्रवेश कर चुके हैं।

स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने इस घटना को स्पेन की क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन बताया। अधिकांश लोगों की मौत मोरक्को और स्यूटा को अलग करने वाले एल ताराजाल सीमा ब्रेकवाटर के आसपास तैरकर सीमा पार करने की कोशिश के दौरान डूबने से हुई।

सांचेज ने शुक्रवार को गृह मंत्री फर्नांडो ग्रांडे-मार्लास्का के साथ स्यूटा का दौरा किया और सीमा सुरक्षा मजबूत करने के लिए कई नए उपायों की घोषणा की। इनमें एल ताराजाल ब्रेकवाटर के निकट समुद्र में फ्लोटिंग बैरियर (तैरते अवरोध) लगाने की योजना भी शामिल है, ताकि समुद्री रास्ते से होने वाली अवैध घुसपैठ रोकी जा सके।

इस संकट ने स्पेन और इटली के बीच कूटनीतिक तनाव भी बढ़ा दिया है। इटली के विदेश मंत्री एंतोनियो ताजानी ने स्पेन के साथ शेंगेन व्यवस्था निलंबित करने की मांग की, जबकि स्पेन के विदेश मंत्री जोस मैनुएल अल्बारेस ने इसे "पक्षपातपूर्ण लोकलुभावन बयानबाजी" करार देते हुए कहा कि वह इस मुद्दे पर मैड्रिड में इटली के राजदूत को तलब करेंगे।

उधर, फ्रांस ने भी स्पेन के साथ अपनी सीमा पर जांच तत्काल कड़ी करने और व्यापक निरीक्षण के लिए त्वरित प्रतिक्रिया सीमा इकाई (रैपिड-रिस्पॉन्स बॉर्डर यूनिट) सक्रिय करने की घोषणा की।

--आईएएनएस

केआर/