×

जुबीन गर्ग को लेकर हो रही राजनीति से जनता की भावनाएं आहत हुई हैं : सीएम सरमा

 

गुवाहाटी, 20 मई (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को कहा कि मशहूर गायक जुबीन गर्ग की विरासत को राजनीतिक रंग देने की कोशिशों से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोग चाहते हैं कि यह मशहूर कलाकार राजनीतिक जुड़ावों से ऊपर रहे।

गुवाहाटी के बाहरी इलाके में स्थित स्मारक स्थल 'जुबीन क्षेत्र' पर पत्रकारों से बात करते हुए शर्मा ने कहा कि स्थल के चयन और गायक की अंतिम यात्रा की व्यवस्था के दौरान उन्होंने व्यक्तिगत रूप से कई बार उस स्थान का दौरा किया था।

उन्होंने कहा, ''इस जगह को बहुत सोच-समझकर चुना गया था और उस दौरान मैं यहां कई बार आया था। हम यहां जुबीन गर्ग के अंतिम संस्कार और अंतिम यात्रा की व्यवस्था करने आए थे। लेकिन, बाद में कुछ राजनीतिक रूप से जुड़े लोगों ने इसे लेकर इतनी राजनीति की कि एक समय यहां आना भी असहज हो गया।''

सरमा के अनुसार, उस जगह पर होने वाली चर्चाएं धीरे-धीरे गायक के जीवन और उनके योगदान से हटकर राजनीतिक बहसों की ओर मुड़ गईं। उन्होंने कहा, “एक समय ऐसा आया जब चर्चाओं में जुबीन गर्ग से ज्यादा राजनीति हावी होने लगी। मुझे पता था कि चुनावों के बाद राजनीति धीरे-धीरे कम हो जाएगी और गर्ग की असली पहचान, उनकी कला, उनका व्यक्तित्व और उनका योगदान, स्वाभाविक रूप से फिर से सामने आ जाएगा।''

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उन्हें ऐसा लगता है कि लोग राजनीतिक बहसों में उलझने के बजाय गायक की यादों, संगीत और सांस्कृतिक योगदान को कैसे सहेजा जाए, इस पर ज्यादा चर्चा कर रहे हैं। सरमा ने यह भी आरोप लगाया कि कई ऐसे लोग, जिन्होंने बाद में खुद को गायक से जोड़ने की कोशिश की, वे उनके जीवित रहते समय उनकी आलोचना करते थे।

उन्होंने कहा, “जो लोग यहां आए और राजनीति की, उन्होंने अक्सर जुबीन गर्ग की आलोचना की थी, जब वे जीवित थे। उनकी दोस्ती का मकसद कुछ और ही था। लेकिन हमारे लिए जुबीन गर्ग हमेशा बहुत खास थे। वे आज भी वैसे ही हैं और भविष्य में भी वैसे ही रहेंगे।”

मुख्यमंत्री ने आगे दावा किया कि चुनावों के दौरान गायक का कथित राजनीतिकरण विपक्षी दलों पर ही भारी पड़ गया। कांग्रेस पार्टी द्वारा मतदान केंद्रों और पार्टी कार्यालयों में गायक की तस्वीरों के इस्तेमाल का जिक्र करते हुए सरमा ने कहा कि लोगों ने किसी कलाकार को राजनीतिक रूप से अपना बनाने की कोशिशों को पसंद नहीं किया।

उन्होंने कहा, "लोग चाहते हैं कि कलाकार राजनीति से दूर रहें। बीजेपी ने साफ रुख अपनाया था कि हम जुबीन गर्ग के नाम पर राजनीति नहीं करेंगे और समय ने साबित कर दिया है कि यह फैसला सही था।"

--आईएएनएस

एसएचके/एबीएम