अमेरिका को क्यूबा के राष्ट्रपति ने दिया जवाब, कहा- 'राउल कास्त्रो पर आरोपों का कोई कानूनी आधार नहीं'
हवाना, 21 मई (आईएएनएस)। क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज कैनेल ने अमेरिका के आरोपों के बाद क्यूबा क्रांति के नेता राउल कास्त्रो का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि राउल कास्त्रो के खिलाफ अमेरिकी सरकार की ओर से लगाए गए आरोप एक 'राजनीतिक स्टंट' हैं, जिनका कोई कानूनी आधार नहीं है।
राष्ट्रपति कैनेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "आरोप केवल क्यूबा क्रांति के अडिग संकल्प और उसके नेतृत्व की एकता व नैतिक शक्ति के सामने साम्राज्य के प्रतिनिधियों के अहंकार और हताशा को दिखाते हैं।"
इससे पहले बुधवार को, फ्लोरिडा के दक्षिणी जिले के लिए अमेरिकी जिला न्यायालय की एक ग्रैंड जूरी ने राउल कास्त्रो पर 1996 में अमेरिका स्थित एक क्यूबा निर्वासित समूह (ब्रदर्स टू द रेस्क्यू) की ओर से संचालित दो विमानों को गिराने का आदेश देने में उनकी कथित भूमिका के लिए आरोप तय किए।
क्यूबा के राष्ट्रपति ने कहा कि इस आरोप-पत्र का उद्देश्य पूरी तरह से उस फाइल को बड़ा करना है, जिसे वे क्यूबा के खिलाफ सैन्य आक्रामकता की मूर्खता को सही ठहराने के लिए गढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वाशिंगटन झूठ बोल रहा है और नार्को-आतंकवादी संगठन 'ब्रदर्स टू द रेस्क्यू' से संबंधित छोटे विमानों को गिराए जाने से जुड़ी घटनाओं को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहा है।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति ने 24 फरवरी 1996 को हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि क्यूबा ने अपने क्षेत्रीय जल के भीतर आत्मरक्षा में कार्रवाई की थी, क्योंकि मियामी स्थित इस समूह के सदस्यों ने बार-बार इस द्वीपीय देश के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया था।
उन्होंने कहा कि क्यूबा ने इन उल्लंघनों के बारे में एक दर्जन से अधिक बार चेतावनी जारी की थीं, लेकिन (अमेरिकी सरकार ने) उन चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया और उल्लंघनों को जारी रखा। उन्होंने आगे कहा कि दस्तावेजी सबूतों से यह साबित होता है कि क्यूबा ने लापरवाही से काम नहीं किया और न ही अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन किया।
डियाज-कनेल ने कहा, "कास्त्रो ने एक गुरिल्ला नेता और राजनेता के तौर पर अपने लोगों का प्यार जीता, साथ ही इस क्षेत्र और दुनिया के अन्य नेताओं का सम्मान और प्रशंसा भी हासिल की। ये मूल्य ही उनकी सबसे बड़ी रक्षा और एक नायक के तौर पर उनके कद को कम करने के हास्यास्पद प्रयास के खिलाफ एक नैतिक कवच हैं।"
बता दें कि 94 वर्षीय कास्त्रो घटना के समय क्यूबा के क्रांतिकारी सशस्त्र बलों के मंत्री के पद पर कार्यरत थे।
--आईएएनएस
डीसीएच/