कलेक्टर को 'अश्लील संदेश' भेजने के आरोप में पुलिस टीवीके विधायक से पूछताछ करेगी
कल्लाकुरिची, 26 नवंबर (आईएएनएस)। टीवीके विधायक अरुल विग्नेश से पुलिस पूछताछ करेगी। उन पर कल्लाकुरिची के जिला कलेक्टर के मोबाइल फोन पर अश्लील संदेश भेजने का आरोप है।
ऑल विमेन पुलिस स्टेशन की इंस्पेक्टर भुवनेश्वरी ने विधायक के आवास पर जाकर उन्हें कलेक्टर की यौन उत्पीड़न संबंधी शिकायत की जांच कर रहे अधिकारी के सामने पेश होने के लिए कहा।
मद्रास उच्च न्यायालय के निर्देश पर इस मामले की जांच के लिए नियुक्त तिरुप्पुर की पुलिस अधीक्षक सृष्टि सिंह ने 25 नवंबर को कल्लाकुरिची में अपनी जांच शुरू की।
उनके पहुंचने पर जिला पुलिस अधीक्षक शनास ने उन्हें मामले के दस्तावेज सौंप दिए। जांच अधिकारी ने दस्तावेजों की जांच की और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करके शिकायत तथा अब तक की गई पूछताछ पर चर्चा की। उन्होंने विग्नेश के खिलाफ लगे आरोपों के संबंध में कई लोगों से भी बात की। विग्नेश, तमिलनाडु विधानसभा में 'तमिलगा वेट्री कड़गम' (टीवीके) पार्टी की ओर से कल्लाकुरिची का प्रतिनिधित्व करते हैं।
यह मामला तब मद्रास उच्च न्यायालय पहुंचा, जब एआईएडीएमके के एक वकील ने उन संदेशों को लेकर याचिका दायर की, जो कथित तौर पर विग्नेश ने कलेक्टर को भेजे थे।
सुनवाई के दौरान पुलिस ने अदालत को बताया कि उन्होंने विधायक के खिलाफ पांच कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। कलेक्टर ने अपनी शिकायत कल्लाकुरिची जिला पुलिस प्रमुख को सौंपी थी।
उच्च न्यायालय ने निर्देश दिया कि निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष अधिकारी नियुक्त किया जाए। इसके बाद तिरुप्पुर की एसपी को इस मामले की जिम्मेदारी सौंपी गई, और पुलिस महानिरीक्षक गामिनी को जांच की निगरानी के लिए नियुक्त किया गया।
तमिलनाडु सरकार ने भी कलेक्टर की शिकायत की जांच के लिए चार सदस्यीय आंतरिक जांच समिति का गठन किया है। वन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव काकरला उषा इस समिति की प्रमुख हैं।
समिति के अन्य सदस्यों में दिव्यांगजन कल्याण सचिव मधुमती, विधि सचिव सुमति और सामाजिक कार्यकर्ता सुनीता जो शामिल हैं।
मुख्य सचिव साई कुमार ने समिति को निर्देश दिया है कि वह 60 दिनों के भीतर अपनी जांच पूरी करके रिपोर्ट सौंपे।
यह समिति पुलिस जांच के साथ-साथ इन आरोपों की भी जांच करेगी।
इस बीच, विधायक पर लगे आरोपों को लेकर कल्लाकुरिची में डीएमके महिला विंग के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया।
--आईएएनएस
डीकेएम/एएस