जम्मू-कश्मीर के शोपियां में संदिग्ध 'त्राथ गोला' मामले में 7 गिरफ्तार, 5 लाख रुपए बरामद
श्रीनगर, 5 सितंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में पुलिस ने शनिवार को संदिग्ध 'त्राथ गोला' (दुर्लभ उल्कापिंड पत्थर) के लेन-देन में सात लोगों को गिरफ्तार किया और 7 लाख रुपए भी बरामद किए।
पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि एक महत्वपूर्ण कार्रवाई में शोपियां पुलिस ने तथाकथित "त्राथ गोला" से जुड़े एक संदिग्ध लेनदेन के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसे कथित तौर पर एक दुर्लभ और मूल्यवान उल्कापिंड पत्थर के रूप में पेश किया जा रहा था।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए हीरपोरा पुलिस स्टेशन लाया गया।
उनकी पहचान इस प्रकार की गई है: जहूर अहमद भट, हबीबुल्लाह भट का पुत्र और बारामूला में बागी इस्लाम का निवासी, हनीफ मीर के पुत्र और बारामूला में राजघाट का निवासी सफीरुद्दीन मीर, गुलाम नबी किरमानी का बेटे और श्रीनगर के रावलपोरा निवासी अब्दुल रशीद किरमानी, मोहम्मद शफी मीर, अब्दुल अहद मीर का बेटा और सोपोर में जालूरा निवासी, इम्तियाज अहमद बकलू, गुलाम मोहम्मद बकलू का बेटे और अनंतनाग के पुशरू शांगस निवासी, अर्शीद अहमद वानी, मोहम्मद सुभान वानी का बेटे और कुलगाम के खुर्री बटपोरा निवासी और सैयद गुलजार अहमद, सैयद कमर दीन का बेटा और कुलगाम के लकड़ीपोरा निहामा का निवासी।
प्रारंभिक जांच के दौरान, पुलिस ने घटनास्थल से 5,00,000 रुपए नकद के साथ एक बक्सा बरामद किया, जिसमें एक पत्थर था, जिसे कथित तौर पर एक दुर्लभ और मूल्यवान 'त्राथ गोला' के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा था।
इसके अलावा, दो गाड़ियों को भी आगे की जांच के लिए हीरपोरा पुलिस स्टेशन लाया गया। इस घटना के संबंध में हीरपोरा पुलिस स्टेशन में कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत एक एफआईआर दर्ज की गई है और लेन-देन से संबंधित तथ्यों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
शोपियां पुलिस ने आम जनता को तथाकथित दुर्लभ, कीमती या उल्कापिंड पत्थरों से जुड़े धोखाधड़ी वाले दावों के झांसे में आने से सावधान किया है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि किसी भी वित्तीय लेनदेन से पहले सक्षम अधिकारियों से ऐसी वस्तुओं की प्रामाणिकता और मूल्य की पुष्टि कर लें।
--आईएएनएस
एसएचके/एबीएम