☰
×

जम्मू-कश्मीर : बारामूला पुलिस की बड़ी कामयाबी, 2 घंटे में लापता लड़की को खोजा

 

श्रीनगर, 2 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में पुलिस ने सोमवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए एक लापता नाबालिग लड़की को महज दो घंटे के भीतर तलाश लिया। इसके अलावा एक बड़ी चोरी के मामले का भी 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए चोरी गए सभी डीप फ्रीजर बरामद कर लिए और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, बारामूला पुलिस ने तत्परता, बेहतर समन्वय और पुलिस-जन सहयोग का परिचय देते हुए नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद किया।

सोमवार को पीसीआर बारामूला को सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश के बरौलिया क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की लापता है और उसकी अंतिम लोकेशन बारामूला में मिली है। सूचना मिलते ही पीसीआर बारामूला ने यह जानकारी आवश्यक कार्रवाई के लिए चंदूसा पुलिस स्टेशन को भेज दी।

चंदूसा पुलिस ने तुरंत सक्रिय होकर बीट अधिकारियों के साथ सूचना साझा की और लड़की की तलाश शुरू कर दी। स्थानीय लंबरदार और चौकीदार की मदद से नाबालिग लड़की को मुर्रान तंगवारी गांव से खोजकर दो घंटे के भीतर पुलिस स्टेशन लाया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि लड़की ऑनलाइन गेम 'फ्री फायर' खेलते समय स्नैपचैट के जरिए एक लड़के के संपर्क में आई थी। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश से जम्मू और फिर श्रीनगर पहुंच गई थी।

आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद लड़की को उसकी सुरक्षा, देखभाल और आगे की कार्रवाई के लिए महिला पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में पुलिस वेलफेयर अधिकारी के माध्यम से बारामूला की चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) को सौंप दिया गया।

इस संबंध में उत्तर प्रदेश के हसनगंज पुलिस स्टेशन और पीसीआर बारामूला को भी सूचित किया गया। पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई बच्चों की सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

एक अन्य मामले में बारामूला पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा करते हुए चोरी हुए सभी आठ डीप फ्रीजर बरामद कर लिए। साथ ही वारदात में इस्तेमाल वाहन जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

कनरू एंटरप्राइजेज के मालिक नजीर अहमद कनरू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गुलनार पार्क के पास गौसिया कॉलोनी स्थित उनके गोदाम से डीप फ्रीजर चोरी हो गए हैं।

शिकायत के आधार पर पुलिस स्टेशन बारामूला में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कई संदिग्धों की पहचान की। पूछताछ में जोगियार, शीरी निवासी आदिल हसन डार ने अपने साथियों के साथ चोरी में शामिल होने की बात स्वीकार की।

आगे की जांच में पता चला कि चोरी का सामान ले जाने के लिए पिकअप वाहन इस्तेमाल किया गया था, जिसे आरिफ हुसैन वानी चला रहा था। पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर सभी आठ चोरी हुए डीप फ्रीजर बरामद कर लिए। इनमें से पांच डीप फ्रीजर शौकत अहमद डार उर्फ साहिल के कब्जे से, दो आसिफ अमीन तंतरे की दुकान से और एक आरिफ हुसैन वानी के घर से बरामद किया गया।

वारदात में इस्तेमाल वाहन भी जब्त कर लिया गया है और चारों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने कहा कि 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा, पूरा चोरी का सामान बरामद करना और वाहन की जब्ती उसकी त्वरित कार्रवाई, पेशेवर जांच और प्रभावी तकनीकी विश्लेषण का परिणाम है। मामले में आगे की जांच जारी है ताकि अपराध से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा सके।

--आईएएनएस

एएमटी/पीएम