×

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में छह तस्कर गिरफ्तार, 3.7 किलो नशीला पदार्थ और नकदी बरामद

 

श्रीनगर, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले की पुलिस ने रविवार को नशीली दवाओं के खिलाफ अभियान में छह तस्करों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही 3.7 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थ और 10,450 रुपए नकद भी बरामद किए।

पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अपनी निरंतर कार्रवाई को जारी रखते हुए, अनंतनाग पुलिस ने तीन अलग-अलग अभियानों में गिरफ्तारी और जब्ती के साथ बड़ी सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार अनंतनाग कस्बे की ओर आ रहे चार व्यक्तियों ने पुलिस दल को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन तीन को पकड़ लिया गया। तलाशी में 3.178 किलोग्राम गांजा पाउडर जैसा पदार्थ और 10,450 रुपए नकद बरामद हुए।

आरोपियों की पहचान शब्बीर कयूम, पुत्र अब्दुल कयूम देवा, निवासी चीनी चौक, अनंतनाग के रूप में हुई है। जबकि, जाहिद मंजूर, मंजूर अहमद मीर का पुत्र, हसनपोरा बाग, वर्तमान खा बाजार, अनंतनाग का निवासी और फैज़ान लोन, नज़ीर अहमद लोन का बेटा, मीर-डेंटर, अनंतनाग का निवासी है।

आरोपी गौहर रेशी, जो डांटर का निवासी है, भागने में सफल रहा। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। इसके लिए टीम का भी गठन किया गया है।

दूसरे मामले में, एक पुलिस पार्टी ने मरहामा क्रॉसिंग पर नाका चेकिंग के दौरान एक वाहन (जेके 04 जे 5556) को रोका, जिसके बाद मोहम्मद तुफैल हजाम, पुत्र अब्दुल सलाम हजाम और मुश्ताक अहमद खांडे, पुत्र मोहम्मद सिदिक खांडे को पकड़ लिया गया। दोनों बादीपोरा चादूरा के निवासी हैं।

वाहन की तलाशी लेने पर 3.29 ग्राम भूरी चीनी जैसा पदार्थ और 7.88 ग्राम चरस जैसा पदार्थ बरामद हुआ। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

तीसरे मामले में, दूधनाद वाघामा में नाका चेकिंग के दौरान, वाघामा बिजबेहरा निवासी वली मोहम्मद मंटू के बेटे जावेद अहमद मंटू को गिरफ्तार किया गया और पुलिस ने उसके पास से 468 ग्राम चरस पाउडर बरामद किया।

अधिकारियों ने बताया कि एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत मामला संख्या 98/2026 दर्ज की गई है।

अनंतनाग पुलिस मादक पदार्थों के खतरे के प्रति सख्त नीति को दोहराती है। युवाओं और समाज की सुरक्षा के लिए ड्रग पेडलर्स और तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। जनता से अनुरोध है कि वे पुलिस के साथ सहयोग करें और अपने क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित जानकारी साझा करें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

--आईएएनएस

एसएके/एबीएम