×

प्रधानमंत्री मोदी और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने ताशकंद में राष्ट्रपति भवन में पौधा लगाया

 

ताशकंद, 30 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव ने रविवार को ताशकंद में राष्ट्रपति भवन में संयुक्त रूप से एक पौधा लगाया। यह पौधारोपण भारत की 'एक पेड़ मां के नाम' पहल और उज्बेकिस्तान की 'यशिल मकोन' ग्रीन पहल के तहत किया गया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान एक हरित ग्रह के लिए साथ में प्रयासरत हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ मिलकर राष्ट्रपति भवन के बगीचे में भारत की 'एक पेड़ मां के नाम' पहल और उज्बेकिस्तान की 'यशिल मकोन' ग्रीन पहल के तहत संयुक्त रूप से एक पौधा लगाया।"

उन्होंने आगे कहा कि यह कदम एक हरित और अधिक टिकाऊ भविष्य को संवारने के प्रति भारत और उज्बेकिस्तान की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इससे पहले दिन में पीएम मोदी ने ताशकंद में राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की और व्यापार, निवेश और उद्योगों सहित विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

बैठक के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर, विदेश सचिव विक्रम मिसरी, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा गया कि यह राजकीय दौरा कुकसारोय रेजिडेंस में उच्च-स्तरीय बातचीत के साथ आगे बढ़ा। राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यापार, निवेश, औद्योगिक, अंतर-क्षेत्रीय और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ाने पर चर्चा की और उज्बेकिस्तान-भारत संबंधों को एक नए स्तर पर ले जाने पर सहमति जताई।

बातचीत से पहले, ताशकंद में राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया और दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया।

मध्य एशियाई देश की अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने उज्बेकिस्तान के 52 योग अभ्यासकर्ताओं के एक विशेष योग सत्र को भी देखा।

उन्होंने एक्स अकाउंट पर योग सत्र की झलकियां साझा करते हुए कहा कि नमस्ते, आप सभी ने आज बेहतरीन योग प्रदर्शन किया है। यहां सभी उम्र के लोग मौजूद हैं। उज्बेकिस्तान को योग से जोड़ने के लिए मैं अपने मित्र, राष्ट्रपति का आभार व्यक्त करता हूं। बहुत-बहुत बधाई।

इस सेशन ने पीएम मोदी के दौरे में एक खास सांस्कृतिक पहलू जोड़ा और उज्बेकिस्तान में योग की बढ़ती लोकप्रियता को उजागर किया। इसमें उज्बेकिस्तान योग फेडरेशन के छह सदस्य शामिल थे, जिन्होंने इस साल जून में अहमदाबाद में आयोजित पहली वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप 2026 में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया था।

पीएम मोदी शनिवार को दो दिन के दौरे पर उज्बेकिस्तान पहुंचे। मध्य एशियाई देश की अपनी दो दिन की राजकीय यात्रा की शुरुआत करते हुए, उन्होंने ताशकंद हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत के लिए उज्बेकिस्तान राष्ट्रपति का धन्यवाद किया।

--आईएएनएस

एमएस/डीकेपी