पीएम मोदी की इंडोनेशिया के राष्ट्रपति से अहम मुलाकात, रक्षा और समुद्री सहयोग समेत कई बड़े मुद्दों पर होगी चर्चा
जकार्ता, 7 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने पर जोर रहेगा। खास तौर पर रक्षा, समुद्री सहयोग, क्रिटिकल मिनरल्स, खाद्य सुरक्षा और डिजिटल अर्थव्यवस्था जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है।
बैठक से पहले पीएम मोदी ने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के उस विशेष भाव की सराहना की, जिसमें उन्होंने खुद एयरपोर्ट पहुंचकर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि राष्ट्रपति प्रबोवो का एयरपोर्ट पर स्वागत करने आना उनके लिए बहुत गर्मजोशी और भावनाओं से भरा था।
उन्होंने कहा, "साल 2018 में भारत और इंडोनेशिया के संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाया गया था, जिसका लाभ दोनों देशों के लोगों को मिला है। इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति प्रबोवो और मैं विभिन्न क्षेत्रों में इस साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए विस्तार से चर्चा करेंगे।"
प्रधानमंत्री मोदी सोमवार दोपहर अपनी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचे। एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने उनका स्वागत किया।
दोनों नेताओं के बीच होने वाली वार्ता में रक्षा और समुद्री सुरक्षा के अलावा क्रिटिकल मिनरल्स, खाद्य सुरक्षा और डिजिटल इकोनॉमी में सहयोग बढ़ाने पर विशेष फोकस रहेगा। साथ ही मई 2018 में स्थापित व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत अब तक हुई प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी।
यह प्रधानमंत्री मोदी की इंडोनेशिया की चौथी यात्रा है, लेकिन दोनों देशों के संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा मिलने के बाद उनकी यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है।
बैठक के अलावा पीएम मोदी और राष्ट्रपति प्रबोवो इंडोनेशिया के योग्याकार्ता स्थित प्रम्बानन मंदिर परिसर का भी दौरा करेंगे। यह इंडोनेशिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर परिसर है और यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है।
पीएम मोदी ने कहा कि यह यात्रा भारत और इंडोनेशिया के सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि वह इंडोनेशिया में भारतीय समुदाय के लोगों से मिलने को लेकर भी उत्साहित हैं।
भारत के इंडोनेशिया में राजदूत के अनुसार, दोनों नेता इस दौरान प्रम्बानन मंदिर परिसर के संरक्षण और पुनर्स्थापन (रेस्टोरेशन) कार्य की शुरुआत की भी घोषणा कर सकते हैं।
पिछले वर्ष राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो नई दिल्ली आए थे, जहां उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री मोदी से हुई थी। उस दौरान दोनों देशों ने रणनीतिक और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए थे।
इंडोनेशिया प्रधानमंत्री मोदी की तीन देशों की यात्रा का पहला पड़ाव है। इसके बाद वह उच्चस्तरीय बैठकों के लिए ऑस्ट्रेलिया और फिर न्यूजीलैंड का दौरा करेंगे।
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस