प्रधानमंत्री मोदी 3 अक्टूबर को दिल्ली में हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी और भाजपा विधायकों से करेंगे मुलाकात
नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्य भाजपा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता सहित हरियाणा के सभी भाजपा विधायक 3 अक्टूबर को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।
इस बैठक में मुख्यमंत्री सैनी और हरियाणा भाजपा की अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के साथ-साथ राज्य के सभी पार्टी विधायकों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री के साथ इस बातचीत से पार्टी नेतृत्व को हरियाणा के विधायकों से राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर प्रतिक्रिया लेने और आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए भाजपा की तैयारियों पर चर्चा करने का अवसर मिलने की भी संभावना है।
यह बैठक शनिवार शाम को होगी। इसमें हरियाणा और पड़ोसी राज्यों से संबंधित प्रमुख राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किए जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले की तैयारियों और राजनीतिक स्थिति के साथ-साथ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष के नैरेटिव पर भी चर्चा हो सकती है।
सूत्रों ने कहा कि भाजपा चुनावी राज्यों में अपनी संगठनात्मक तैयारियों और चुनावी रणनीति की समीक्षा कर रही है। पार्टी नेतृत्व इस बात पर भी चर्चा कर सकता है कि एसआईआर पर विपक्ष के आरोपों और उनके कैंपेन का जवाब राज्य स्तर पर कैसे दिया जाए।
गौरतलब है कि विपक्षी 'इंडिया ब्लॉक'एसआईआर मुद्दे पर भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ किए जा रहे आक्रामक रवैया अपना रहा है। बुधवार को दिल्ली में विपक्षी दलों की बैठक हुईं, जिसमें 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक अलग-अलग स्तर पर प्रदर्शन करने की रणनीति बनाई गई।
उधर, पंजाब में जल्द विधानसभा चुनाव होने हैं, जहां भाजपा ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। अभी विधानसभा चुनाव से पहले ड्रग्स की समस्या भाजपा के मुख्य चुनावी मुद्दों में से एक बनकर उभरी है। भाजपा राज्य में ड्रग्स की समस्या और खराब कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर हमलावर है।
--आईएएनएस
डीसीएच/