गुजरात के साणंद में सेमीकंडक्टर निर्माण को मिलेगी नई रफ्तार, पीएम मोदी 4 जुलाई को करेंगे सेमी ओएसएटी प्लांट का उद्घाटन
अहमदाबाद, 3 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को गुजरात दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अहमदाबाद जिले के साणंद में सीजी सेमी आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्ट (ओएसएटी) सुविधा का उद्घाटन करेंगे।
इस प्लांट के शुरू होने के साथ ही भारत के सेमीकंडक्टर निर्माण क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ जाएगा। यह इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत विकसित शुरुआती सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्टिंग संयंत्रों में से एक है, जहां व्यावसायिक उत्पादन की औपचारिक शुरुआत होगी।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री राजस्थान के कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद शाम करीब 4:30 बजे साणंद पहुंचेंगे। उद्घाटन के बाद वह वहां मौजूद लोगों को भी संबोधित करेंगे।
करीब 7,500 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश से तैयार किया गया यह प्लांट इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत मंजूर की गई पहली चार परियोजनाओं में शामिल है। यह अत्याधुनिक सुविधा सेमीकंडक्टर क्षेत्र में एंड-टू-एंड असेंबली और टेस्टिंग सेवाएं उपलब्ध कराएगी। यहां वेफर सॉर्टिंग, असेंबली, टेस्टिंग, पैकेज डिजाइन, फेल्योर एनालिसिस, टेस्ट प्रोग्राम डेवलपमेंट, प्रोडक्ट कैरेक्टराइजेशन, और लॉजिस्टिक्स सपोर्ट जैसी सेवाएं दी जाएंगी।
पूरी क्षमता से संचालन शुरू होने के बाद इस संयंत्र में हर साल 5 अरब (5 बिलियन) सेमीकंडक्टर चिप्स का उत्पादन किया जा सकेगा। यह प्लांट ऑटोमोबाइल, औद्योगिक, दूरसंचार, 5जी और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) जैसे क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करेगा। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग के बढ़ते उपयोग से मेमोरी और स्टोरेज समाधानों की बढ़ती मांग को भी पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि इस सुविधा का उद्घाटन भारत की सेमीकंडक्टर निर्माण यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे देश वैश्विक सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा तथा घरेलू सेमीकंडक्टर निर्माण इकोसिस्टम को नई ताकत मिलेगी।
गुजरात पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री राजस्थान में जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे, संशोधित उड़ान योजना की शुरुआत करेंगे और बालोतरा में करीब 1.06 लाख करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
--आईएएनए,
वीकेयू/पीएम