×

भारत को विकसित देशों की श्रेणी में ले जा रहे प्रधानमंत्री मोदी: सीएम चंद्रबाबू नायडू

 

अमरावती, 17 सितंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को विकसित देशों की श्रेणी में ले जाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मानना है कि लोगों की सेवा ही राष्ट्र की सेवा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वाराणसी में आयोजित वाराणसी-वडनगर सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम में शामिल हुए चंद्रबाबू नायडू ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र किया।

तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) की ओर से जारी बयान के अनुसार, चंद्रबाबू नायडू ने काशी को प्रधानमंत्री मोदी की कर्मभूमि बताया। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी वाराणसी से तीन बार लोकसभा के लिए चुने गए हैं। काशी ने केवल वाराणसी के लिए एक नेता नहीं चुना, बल्कि देश को एक नेता दिया है।

अपने भाषण की शुरुआत हिंदी के कुछ शब्दों से करते हुए नायडू ने कहा कि देश बदल रहा है और लगातार प्रगति कर रहा है।

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं, जबकि 80 करोड़ लोगों को मुफ्त खाद्यान्न दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन और अमृत जैसी योजनाओं के जरिए चार करोड़ परिवारों तक पेयजल की सुविधाएं पहुंचाई गई हैं।

सीएम चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि पीएम किसान योजना से 11 करोड़ किसानों को लाभ मिल रहा है और सहायता राशि बिना किसी बिचौलिए के सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि जब दुनिया के कई देश अलग-अलग संकटों का सामना कर रहे थे, तब प्रधानमंत्री मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों के हितों की रक्षा करते हुए देश को मजबूत नेतृत्व दिया।

कोरोना महामारी का जिक्र करते हुए नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में 200 करोड़ कोविड वैक्सीन खुराक के उत्पादन को प्रोत्साहित किया। उन्होंने दावा किया कि भारत ने 101 देशों को मुफ्त में कोविड वैक्सीन उपलब्ध कराकर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।

नायडू ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत जैसी नीतियों ने 'मेक इन इंडिया' की अवधारणा को मजबूत किया है। भारत पहले रक्षा उपकरणों के लिए बड़े पैमाने पर आयात पर निर्भर था, लेकिन अब देश रक्षा उपकरणों का निर्यात भी कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरिक्ष, ड्रोन, क्वांटम टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर और रोबोटिक्स जैसी उभरती तकनीकों के महत्व को समझते हुए युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने पर जोर दिया है।

सीएम चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि पहले युवा मुख्य रूप से रोजगार पाने पर निर्भर रहते थे, लेकिन आज भारत में 2.20 लाख स्टार्टअप हैं, जिनके जरिए युवा नौकरी मांगने वाले के बजाय रोजगार देने वाले बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम वाले देशों में भारत तीसरे स्थान पर है।

महिला कल्याण और सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री की पहल की प्रशंसा करते हुए नायडू ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी, उज्ज्वला और मुद्रा योजना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनकी आर्थिक भागीदारी को मजबूत कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विधायिकाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला नारी शक्ति वंदन अधिनियम बड़ा बदलाव लाने वाला साबित होगा।

मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि भारत एक मजबूत वैश्विक शक्ति के रूप में उभरा है। उन्होंने सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के संदर्भ में ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख किया और इसके लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को बधाई दी।

नक्सलवाद से मुकाबले के अपने अनुभव का जिक्र करते हुए नायडू ने कहा कि देश ने नक्सलवाद और माओवाद को खत्म करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है।

सीएम चंद्रबाबू नायडू ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही लोगों की आकांक्षा पूरी हुई है।

उन्होंने बताया कि आंध्र प्रदेश सरकार भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या में भगवान वेंकटेश्वर का मंदिर बनाना चाहती है। इसके लिए नायडू ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से 10 एकड़ जमीन आवंटित करने की अपील की।

वाराणसी-वडनगर सेवा यात्रा को सेवा संकल्प अभियान के तहत शुरू किया गया है। यह प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को उनके जन्मस्थान वडनगर से जोड़ती है।

इससे पहले चंद्रबाबू नायडू ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, चिराग पासवान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी