×

जी-7 समिट: फ्रांस में मिले पीएम मोदी और ट्रंप, पश्चिम एशिया शांति, व्यापार समझौते और भारत-अमेरिका सहयोग पर हुई चर्चा

 

एवियन (फ्रांस), 18 जून (आईएएनएस)। फ्रांस के एवियन में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच वार्ता हुई। भारतीय विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बताया कि उन्होंने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष को खत्म करने, भारत-अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते में हुई अहम प्रगति और दोनों देशों के बीच रक्षा, रणनीतिक तकनीकों, ऊर्जा और व्यापार के क्षेत्रों में आपसी सहयोग पर चर्चा की।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक आधिकारिक बयान में कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष को समाप्त करने और व्यापक क्षेत्र में शांति व स्थिरता बहाल करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने होर्मुज स्ट्रेट में नौवहन की स्वतंत्रता और निर्बाध व्यापार बनाए रखने के महत्व और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरतों पर बात की।"

विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने फरवरी 2025 में वाशिंगटन डीसी में अपनी मुलाकात के बाद से भारत-अमेरिका कॉम्पैक्ट (सैन्य साझेदारी, त्वरित व्यापार और प्रौद्योगिकी के लिए अवसरों को बढ़ावा देना) के तहत हुई उल्लेखनीय प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने रक्षा, रणनीतिक प्रौद्योगिकियों, ऊर्जा और द्विपक्षीय व्यापार क्षेत्रों में हुई प्रमुख प्रगति का स्वागत किया।

विदेश मंत्रालय के बयान में यह भी कहा गया कि दोनों नेताओं ने अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते की दिशा में बातचीत में हुई महत्वपूर्ण प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और अपने अधिकारियों को जल्द से जल्द एक संतुलित, पारस्परिक रूप से लाभकारी और व्यावसायिक रूप से सार्थक समझौते की दिशा में काम करने का निर्देश दिया। इस संबंध में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर अगले सप्ताह भारत का दौरा करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, "प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने व दोनों देशों और उनके लोगों के पारस्परिक लाभ के लिए सभी क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।"

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "एवियन में राष्ट्रपति ट्रंप से मिलकर खुशी हुई। हमने व्यापार, ऊर्जा, रक्षा, टेक्नोलॉजी और लोगों के बीच आपसी संबंधों में हमारे द्विपक्षीय सहयोग की लगातार प्रगति की समीक्षा की।"

उन्होंने लिखा, "पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल करने के प्रयासों में हुई प्रगति के लिए भारत की सराहना व्यक्त की। वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए होर्मुज स्ट्रेट को खुला रखना बहुत जरूरी है। नाविकों समेत आम नागरिकों की सुरक्षा व संरक्षा सुनिश्चित करने के महत्व को दोहराया।"

--आईएएनएस

डीसीएच/