पीएम मोदी ने नानाजी देशमुख को जयंती पर दी श्रद्धांजलि, बोले- 'असाधारण राष्ट्र-निर्माता थे नानाजी'
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीतिज्ञ नानाजी देशमुख को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी और उन्हें 'असाधारण राष्ट्र निर्माता' बताया। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार 'मजबूत और आत्मनिर्भर भारत' के उनके दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में काम करती रहेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने नानाजी देशमुख को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि नानाजी देशमुख एक महान राष्ट्रनिर्माता थे, जिन्होंने अपने विचारों और कार्यों से दिखाया कि वास्तविक परिवर्तन की शुरुआत जमीनी स्तर से होती है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "नानाजी देशमुख को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। उन्हें एक ऐसे असाधारण राष्ट्र-निर्माता के रूप में याद किया जाता है, जिन्होंने अपने विचारों और कार्यों से यह दिखाया कि वास्तविक बदलाव जमीनी स्तर से ही शुरू होता है। उनके जीवन में राजनीतिक प्रतिबद्धता और रचनात्मक सामाजिक कार्यों का अनूठा संगम था। उन्होंने खुद को ग्रामीण विकास और सामुदायिक भागीदारी के लिए समर्पित कर दिया। एक मजबूत और आत्मनिर्भर भारत के उनके सपने को साकार करने में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पोस्ट किया, "राष्ट्रऋषि, प्रखर चिंतक, समाज सुधारक और ग्रामोदय के पुरोधा भारत रत्न नानाजी देशमुख की जयंती पर उन्हें सादर नमन। उनका संपूर्ण जीवन त्याग, सेवा और निष्काम कर्मयोग का आदर्श उदाहरण है। उन्होंने अपने जीवन की पूरी पूंजी, ऊर्जा और अपना समय ग्राम विकास, ग्राम स्वराज और अंत्योदय के लिए समर्पित कर दिया। मानवता के प्रति उनका समर्पण और राष्ट्र निर्माण में उनका अतुलनीय योगदान सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी नानाजी देशमुख को श्रद्धांजलि दी और उन्हें 'ग्रामोदय से राष्ट्रोदय के प्रणेता' बताया। शाह ने पोस्ट में लिखा, "ग्रामोदय से राष्ट्रोदय के प्रणेता और महान राष्ट्रसेवी, भारत रत्न नानाजी देशमुख जी की जयंती पर सादर नमन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्कारों को जीवन में उतारते हुए नानाजी ने समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान, ग्रामीण विकास और स्वावलंबन के लिए स्वयं को पूर्णतः समर्पित कर दिया। संगठन के प्रति उनकी अटूट निष्ठा तथा राष्ट्रनिर्माण में उनका अतुलनीय योगदान सदैव युवाओं के लिए अनुकरणीय रहेगा।"
--आईएएनएस
डीसीएच/