☰
×

प्रधानमंत्री मोदी और लिकटेंस्टाइन प्रिंस एलोइस ने हैदराबाद हाउस में की मुलाकात

 

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। लिकटेंस्टाइन के प्रिंस एलोइस और उनकी पत्नी प्रिंसेस सोफी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैदराबाद हाउस में मुलाकात की। दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर गहन चर्चा की।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक बयान जारी कर बताया, "आज हैदराबाद हाउस में लिकटेंस्टीन के हेरेडिटरी प्रिंस एलोइस और हेरेडिटरी प्रिंसेस सोफी का गर्मजोशी से स्वागत किया। द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई।"

इससे पहले दिन में, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने लिकटेंस्टीन के प्रिंस एलोइस से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों और 'भारत-यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) व्यापार और आर्थिक भागीदारी समझौते' (टेपा) के तहत उभरते अवसरों पर चर्चा की।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर विदेश मंत्री जयशंकर ने लिखा, "भारत की राजकीय यात्रा पर आए लिकटेंस्टीन के प्रिंस एलोइस से मिलकर खुशी हुई। 'भारत-ईएफटीए टेपा' से मिले अवसरों की बदौलत, हमारी द्विपक्षीय साझेदारी कई क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रही है।"

उन्होंने आगे कहा, "हमें उम्मीद है कि आज बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी मुलाकात हमारे सहयोग को और आगे बढ़ाएगी।"

राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में प्रिंस एलोइस का औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इसके बाद पत्रकारों से प्रिंस ने राष्ट्रपति मुर्मु और प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "इस अद्भुत देश में लिकटेंस्टीन की पहली राजकीय यात्रा के दौरान यहां आना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है।"

उन्होंने कहा, "यह ऐतिहासिक यात्रा इस बात का प्रमाण है कि लिकटेंस्टीन भारत के साथ अपने संबंधों को कितनी अहमियत देता है।"

मंगलवार को वो वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी से भी मिलेंगे।

इसके बाद प्रिंस एलोइस राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलेंगे, उनके सम्मान में एक आधिकारिक भोज का आयोजन भी किया गया है।

वे सोमवार को गुजरात के वडोदरा से नई दिल्ली पहुंचे थे। हवाई अड्डे पर केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत सिंह ने उनका स्वागत किया था।

--आईएएनएस

केआर/