☰
×

प्रधानमंत्री मोदी जनसेवा के प्रति समर्पित, अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध : पी.के. मिश्रा

 

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी.के. मिश्रा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वह अधिकारियों को केवल निर्देश देने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि व्यक्तिगत रूप से निगरानी करते हैं कि किसी कल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम लाभार्थी तक पहुंच रहा है या नहीं।

नीति आयोग की राष्ट्रीय कार्यशाला के उद्घाटन दिवस पर संबोधन के बाद आईएएनएस से बातचीत में मिश्रा ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी पूरी तरह से जनसेवा और लोगों के कल्याण के प्रति समर्पित हैं।"

उन्होंने कहा, "उनकी (पीएम मोदी) कोशिश हर योजना में यह सुनिश्चित करना होता है कि हम जो भी काम कर रहे हैं, उसका लाभ वास्तव में नागरिकों तक पहुंचे और वह उनकी अपेक्षाओं एवं जरूरतों के अनुरूप हो।"

मिश्रा ने प्रधानमंत्री को देश के लिए व्यापक दृष्टिकोण रखने एवं विचारों में स्पष्टता का श्रेय दिया।

उन्होंने कहा, "सभी हितधारकों के साथ चर्चा और सभी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए वह (पीएम मोदी) तय करते हैं कि कौन-सी कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके बाद वह दूसरों के साथ मिलकर निर्णय लेते हैं। ज्यादातर मामलों में यह व्यक्तिगत निर्णय नहीं होता, बल्कि संबंधित संगठन के माध्यम से लिया जाता है। इसके बाद वह (पीएम मोदी) उस पर बहुत तेजी से आगे बढ़ना चाहते हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "वह समय-समय पर निगरानी के माध्यम से यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि इन फैसलों को अच्छी तरह लागू किया जाए। उनका दृष्टिकोण यह देखना है कि इसका लाभ उन नागरिकों तक पहुंचा है या नहीं, जिनके लिए यह योजना बनाई गई है। इसके बाद ही उन्हें भरोसा होता है कि नीति ने वास्तव में अपना उद्देश्य हासिल किया है।"

मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक "मिशन" की तरह काम करते हैं।

कार्यक्रम और मिशन के बीच अंतर समझाते हुए उन्होंने कहा, "किसी कार्यक्रम में हमारे पास कुछ दिशानिर्देश और लक्ष्य होते हैं, जिन्हें हम कभी-कभी यांत्रिक तरीके से भी लागू करते हैं। लेकिन मिशन एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें हम लोगों के कल्याण को ध्यान में रखते हैं, उन्हें इसमें शामिल करना चाहते हैं, कुछ लक्ष्य तय करते हैं और उन्हें हासिल किए बिना रुकते नहीं हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करते हैं कि काम वास्तव में पूरा हो।"

उन्होंने विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा, "इसी तरह पिछले कुछ वर्षों में गरीबी में भारी कमी आई है।"

उन्होंने कहा, "50 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर निकलना केवल एक उपलब्धि नहीं है, बल्कि इसने इतिहास रच दिया है।"

बाद में पत्रकारों से बातचीत में प्रधान सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सभी हितधारकों की बात सुनने के बाद लिए गए फैसलों को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए बेहद "दृढ़ और प्रतिबद्ध" रहते हैं।

पी.के. मिश्रा ने यह भी बताया कि अधिकारियों का चयन करते समय प्रधानमंत्री मोदी का पहला सिद्धांत "ईमानदारी" होता है।

उन्होंने कहा, "दूसरा, अधिकारी में टीम के साथ काम करने की क्षमता होनी चाहिए और तीसरी बात प्रौद्योगिकी के प्रति अनुकूलन क्षमता है, क्योंकि डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, यूपीआई आदि ने पूरे दृष्टिकोण को बदल दिया है। विकसित भारत के विजन को हासिल करने में प्रधानमंत्री के ये दृष्टिकोण महत्वपूर्ण हैं।"

--आईएएनएस

एबीएस