असम हादसे पर पीएम मोदी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए की सहायता
नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को असम के गोलाघाट जिले में हुए हादसे में कम से कम 23 लोगों की जान जाने पर गहरा दुख जताया। दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है, जबकि घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने 'एक्स' पर लिखा, "असम के गोलाघाट जिले में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से गहरा दुख हुआ है। दुख की इस घड़ी में मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"
'एक्स' पर किए गए संदेश में कहा गया, "जान गंवाने वालों के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।"
गुरुवार को असम के काजीरंगा के पास एक मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसमें 23 लोगों की जान चली गई।
गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्निल डेका ने कहा, "बस बहुत तेज गति से चल रही थी और पार्क के पास लागू प्रतिबंधों का उल्लंघन कर रही थी। हमारा मानना है कि कंटेनर ट्रक से टकराने से पहले चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया था।"
पुलिस ने बताया कि मिनी-बस में सवार यात्रियों की सटीक संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है। घायलों और मृतकों की पहचान के बारे में अभी और जानकारी आनी बाकी है।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी