ममता बनर्जी ने जिन्हें 'कूड़ेदान' से उठाया, वे ही दे रहे धोखा : रामगोपाल यादव
नई दिल्ली, 15 जून (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस के 20 'बागी' सांसदों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिन लोगों को ममता बनर्जी ने आगे बढ़ाया था, वे अब उन्हें ही धोखा दे रहे हैं।
सांसद रामगोपाल यादव ने उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, "जिन लोगों को ममता बनर्जी ने 'कूड़ेदान' से उठाकर मंत्री, विधायक और सांसद बनाया, वे ही अब उन्हें धोखा दे रहे हैं।"
इस दौरान रामगोपाल यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की भी आलोचना की और संस्थागत व संवैधानिक स्तर पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, "भारतीय जनता पार्टी क्षेत्रीय पार्टियों को खत्म नहीं कर रही है, बल्कि वह संविधान को कमजोर कर रही है और देश को बांटने की दिशा में काम कर रही है।"
रामगोपाल यादव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने बीते दिन लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की।
तृणमूल कांग्रेस में यह बगावत पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद शुरू हुई। पहले तृणमूल विधायकों का एक धड़ा पार्टी से ममता बनर्जी से अलग हो गया था और बाद में पार्टी के सांसदों ने बगावत की। बागी सांसदों का दावा है कि उन्हें 20 से अधिक लोकसभा सदस्यों का समर्थन हासिल है, जिससे पार्टी के लिए संकट और गहरा गया है।
लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के वर्तमान में 28 सांसद हैं, लेकिन 20 सांसदों के टूटने के बाद पार्टी की संख्या में भारी गिरावट होगी। इससे, ममता बनर्जी के सामने तृणमूल कांग्रेस को बचाने का संकट भी मंडरा रहा है। वहीं, 20 बागी सांसदों के नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी (एनसीपीआई) के साथ विलय की चर्चाएं हैं। वहीं, बागी सांसदों ने केंद्र में एनडीए का सहयोग करने का वादा किया है।
--आईएएनएस
डीसीएच/