तमिलनाडु: अनियमित बारिश के चलते कावेरी डेल्टा के किसान धान की फसल को लेकर परेशान
नागापट्टिनम, 25 नवंबर (आईएएनएस)। कावेरी डेल्टा के किसानों को धान की फसल सिंचाई के लिए बारिश की उम्मीद है। पिछले दो दिनों में तंजावुर, तिरुवरुर, मयिलादुथुराई और नागापट्टिनम के कई इलाकों में हल्की बारिश होने से 'सांबा' धान की फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है।
तमिलनाडु किसान संरक्षण संघ के एस.आर. तमिलसेल्वन ने बताया कि पूरे डेल्टा क्षेत्र में लगभग 11.40 लाख एकड़ में धान की फसल लगी है, जिसे अगले 60 से 80 दिनों तक और पानी की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि मेट्टूर बांध इस क्षेत्र की सिंचाई की जरूरतों को पूरा करने में असमर्थ है, जिसके कारण किसानों को पूर्वोत्तर मानसून के बचे हुए समय में बारिश पर ही निर्भर रहना पड़ रहा है।
22 से 27 नवंबर के बीच बारिश होने के पूर्वानुमान ने इन चारों जिलों के किसानों में उम्मीद जगाई थी। किसानों का कहना है कि जिन इलाकों में बारिश हुई, वहां खेतों को कुछ राहत तो मिली है लेकिन बारिश हर जगह नहीं होने के कारण चिंता बरकरार है। उन्हें डर है कि लंबे समय तक पानी की कमी रहने से 'सांबा' धान की पैदावार घट सकती है।
बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि बारिश के बीच कितना अंतराल रहता है। 'तमिलगा कावेरी विवासयिगल संगम' के जिला सचिव पी. कमल राम ने बताया कि फसल अभी 40 से 60 दिन की है, जो इसके विकास का एक बहुत महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने कहा कि इस दौरान धान की फसल को अच्छी तरह बढ़ने के लिए कम से कम हर 10 दिन में एक बार बारिश की जरूरत होती है।
कमल राम ने बताया कि डेल्टा के सिंचाई नेटवर्क के सबसे आखिरी छोर पर स्थित नागापट्टिनम में कावेरी के पानी की कमी के कारण किसान पूरी तरह से मानसून पर निर्भर हो गए हैं। स्थानीय जल स्रोतों में फिर से पानी भरा जा सके इससे लिए किसानों को बारिश होने की उम्मीद है।
किसान नेताओं ने बताया कि तंजावुर जिले के स्वामीमलाई में भारी बारिश का पूर्वानुमान होने के बावजूद वहां केवल बूंदाबांदी ही हुई। किसान नेताओं ने 'अल नीनो' की मौजूदा स्थितियों के बीच, बारिश के अनिश्चित होते पैटर्न को लेकर चिंता जताई है।
मंगलवार शाम को मेट्टूर में जल स्तर 61.36 फीट था जबकि जलाशय की पूरी क्षमता 120 फीट है। यहां पानी का आवक 598 क्यूबिक फीट प्रति सेकंड था जबकि पानी की निकासी इससे अधिक यानी 1,003 क्यूबिक फीट प्रति सेकंड थी। बारिश का अनुमान 27 नवंबर तक बना हुआ है, इसलिए किसानों को अभी भी उम्मीद है कि बारिश चारों जिलों के खेतों तक पहुंचेगी और आने वाले हफ्तों में 'सांबा' फसल को बचाने में मदद करेगी।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम