×

इमरान की रिहाई को लेकर आंदोलन का ऐलान, 5 अगस्त के प्रदर्शन के लिए अदालत जाएगी पीटीआई

 

इस्लामाबाद, 26 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के नेताओं ने घोषणा की है कि वे पांच अगस्त को प्रदर्शन करने की अनुमति के लिए अदालत का रुख करेंगे, क्योंकि लाहौर के डिप्टी कमिश्नर सैयद मूसा रजा ने अभी तक शांतिपूर्ण सभा आयोजित करने की उनकी मांग पर कोई जवाब नहीं दिया है।

पाकिस्तान के अखबार 'डॉन' की रिपोर्ट के अनुसार, लाहौर प्रेस क्लब में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पीटीआई लाहौर के अध्यक्ष मियां अकरम उस्मान ने कहा कि पार्टी ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति के लिए लाहौर के डिप्टी कमिश्नर को आवेदन दिया था, लेकिन अभी तक उन्हें कोई जवाब नहीं मिला है।

उस्मान ने कहा, "इस चुप्पी के खिलाफ हम अदालत जाएंगे और पांच अगस्त की अपनी योजना को आगे बढ़ाएंगे।"

पीटीआई के महासचिव सलमान अकरम राजा ने कहा कि पार्टी के संस्थापक इमरान खान को अकेले में रखा गया है और उन्हें वकीलों से मिलने की अनुमति भी नहीं दी जा रही है, जबकि उनके खिलाफ 300 मामले चल रहे हैं।

अकरम राजा ने कहा, "26वें संवैधानिक संशोधन के बाद अदालतों से न्याय की उम्मीद करना खुद को धोखा देना है।"

उन्होंने कहा कि पांच अगस्त को पाकिस्तान में जन आंदोलन का आह्वान इमरान खान और उनकी बहनों की ओर से किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि देश के लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरेंगे।

पिछले हफ्ते पीटीआई की संसदीय समिति ने पार्टी प्रमुख इमरान खान की रिहाई और अन्य मांगों को लेकर पांच अगस्त से देशभर में आंदोलन शुरू करने का फैसला किया था। पांच अगस्त को इमरान खान की जेल में तीन साल पूरे हो जाएंगे।

यह फैसला खैबर पख्तूनख्वा में पीटीआई के अंतरिम अध्यक्ष बैरिस्टर गोहर अली खान की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। बैठक में पार्टी के संसदीय मामलों पर भी चर्चा की गई।

पीटीआई के महासचिव सलमान अकरम राजा ने डॉन से बातचीत में कहा कि सांसदों ने पांच अगस्त को आंदोलन शुरू करने का फैसला किया है, जिसमें जनसभाएं, विरोध प्रदर्शन और लंबा मार्च शामिल होंगे।

उन्होंने आगे कहा, "यह भी तय किया गया कि विरोध-प्रदर्शन की रणनीति और अन्य गतिविधियों को अंतिम रूप देने के लिए महमूद खान अचकजई और अल्लामा राजा नासिर अब्बास की राय भी ली जाएगी।"

प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोहर अली खान ने कहा कि बैठक में इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी की सेहत पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि पांच अगस्त को इमरान खान के जेल में रहने के तीन साल पूरे हो जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि अदालतें इमरान खान को न्याय नहीं दे रही हैं और पाकिस्तान में अन्याय खत्म होना चाहिए।

--आईएएनएस

एवाई/वीसी