☰
×

पाकिस्तान: कराची में इमारत गिरने से बड़ा हादसा, कई लोग मलबे में दबे

 

कराची, 25 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के कराची में बुधवार को बलोच कॉलोनी के पास निर्माणाधीन छह मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिलें ढह गईं, जिसमें कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। इस संबंध में स्थानीय मीडिया ने बचाव अधिकारियों के हवाले से जानकारी दी है।

पाकिस्तान के प्रमुख मीडिया संस्थान 'जियो न्यूज' की रिपोर्ट के मुताबिक, बचाव अधिकारियों ने बताया कि मलबे से अब तक 10 घायलों को बाहर निकाला गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मलबे को हटाने के लिए मौके पर भारी मशीनें भेजी गई हैं। बचाव कार्य जारी है ताकि मलबे में फंसे अन्य लोगों को ढूंढा जा सके। बचाव अधिकारियों के मुताबिक, इमारत गिरने से पहले हिलने लगी थी।

'जियो न्यूज' की रिपोर्ट के अनुसार, सिंध बिल्डिंग कंट्रोल अथॉरिटी (एसबीसीए) ने बताया कि यह इमारत कराची में बलोच कॉलोनी के पास 'एडमिन सोसाइटी ब्लॉक 4' में ढही। अथॉरिटी ने बताया कि यह इमारत 600 वर्ग गज के प्लॉट पर बन रही थी, जिसमें ग्राउंड फ्लोर के अलावा पांच और मंजिलें बनाई जा रही थीं। साथ ही, यह भी आरोप है कि आवासीय जमीन पर व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा था।

इससे पहले स्थानीय मीडिया के मुताबिक, 5 नवंबर को कराची में एक दुकान की छत गिरने से कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। पाकिस्तानी मीडिया ने 'रेस्क्यू 1122' के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) आबिद शेख के हवाले से बताया कि यह घटना कराची में दुकान पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हुई। उन्होंने बताया कि मलबे से तीन लोगों को निकालकर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

रिपोर्टों से पता चलता है कि पाकिस्तान में इमारतें या उनकी छतें ढहना एक आम समस्या बन गई है। सुरक्षा नियमों का कमजोर पालन और घटिया निर्माण सामग्री अक्सर ऐसी त्रासदियों का कारण बनती रही है।

15 अक्टूबर को पाकिस्तान के पेशावर के अफरीदी आबाद इलाके में एक स्कूल की इमारत ढह गई थी, जिसमें 30 छात्रों और एक महिला शिक्षिका सहित कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई थी।

पाकिस्तान के अखबार 'एक्सप्रेस ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के अनुसार, कैपिटल सिटी पुलिस ऑफिसर (सीसीपीओ) मियां सईद ने बताया कि स्कूल के मालिक को हिरासत में ले लिया गया है और इस घटना के संबंध में मामला दर्ज किया जाएगा। सईद ने बताया कि स्कूल की छत खराब तरीके से बनाई गई थी और इमारत तंग गलियों में स्थित थी, जिससे बचाव कार्यों में मुश्किलें आईं। उन्होंने बताया कि स्कूल में 110 बच्चे नामांकित थे।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी