×

पाकिस्तान: बलूचिस्तान में बलूची लोक गायिका की गोली मारकर हत्या

 

क्वेटा, 3 सितंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के डेरा बुगती इलाके में बुगती जनजाति की एक बलूच लोक गायिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक, मृतक मह‍िला की पहचान माई सुभाई बुगती के रूप में हुई है। माई सुभाई बुगती को बुगती जनजाति की पहली महिला लोक गायिकाओं में से एक माना जाता था।

पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार कुछ अज्ञात हमलावरों ने डेरा बुगती के बाहरी इलाके में माई सुभाई बुगती पर फायर‍िंग की और फिर मौके से फरार हो गए। गोली लगने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शव को कानूनी प्रक्रिया के लिए अस्पताल भेजा गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि डेरा बुगती में किसी महिला गायिका को निशाना बनाए जाने की यह पहली घटना है। उन्होंने कहा कि हत्या की वजह अभी साफ नहीं है और मामले की जांच जारी है।

यह घटना पाकिस्तान में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा को एक बार फिर सामने लाती है।

पिछले महीने, पाकिस्तान के टैक्सिला शहर में 28 वर्षीय कंटेंट क्रिएटर शम्सु बीबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हमले में उनकी छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

एफआईआर के अनुसार, शम्सु बीबी अपनी बहन अस्मिया बीबी और भाई नेमतुल्लाह के साथ एक वाहन में जा रही थीं। रास्ते में मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर गोलीबारी शुरू कर दी।

गोली लगने से शम्सु बीबी गंभीर रूप से घायल हो गईं। फायरिंग के दौरान वाहन का नियंत्रण भी बिगड़ गया और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शम्सु बीबी की वाहन के अंदर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।

द एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार, शम्सु बीबी के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी पिछले तीन-चार वर्षों से टिकटॉक पर सक्रिय थीं और उनके लगभग 13 लाख फॉलोअर्स थे।

उन्होंने शिकायत में कहा कि उनकी बेटी का कौसर और जावेद नामक लोगों के साथ पैसों का लेन-देन था और पैसे वापस मांगने को लेकर उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां मिली थीं।

पिता के अनुसार, काशी नामक एक व्यक्ति ने उनकी बेटी को फोन करके घर से बाहर निकलने के लिए कहा था। इसके बाद रास्ते में हमलावरों ने उसकी गाड़ी पर हमला कर दिया।

--आईएएनएस

एवाई/पीएम