×

पाकिस्तान में बारिश का कहर, पंजाब में दो बच्चों समेत 7 की मौत और 20 घायल

 

इस्लामाबाद, 26 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पिछले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश से जुड़े हादसों में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 घायल हुए हैं। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, बारिश के कारण कई मकान क्षतिग्रस्त हुए और बड़ी संख्या में पशुओं की भी मौत हुई है।

प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) के हवाले से प्रमुख दैनिक डॉन ने बताया कि बारिश से हुई इन मौतों की वजह डूबना और मकानों और छतों का गिरना रहा। वहीं, कई लोग बिजली का करंट लगने से झुलस गए।

लाहौर के गढ़ी शहू रेलवे कॉलोनी, बॉबी प्लाजा, सग्गियां पिंड और कहाना इलाकों में मकान की छत गिरने की चार अलग-अलग घटनाओं में एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हुए।

पंजाब के कसूर जिले में अड्डा ढिंग शाह के पास एक मकान की छत गिरने से एक पुरुष और एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो बच्चों समेत तीन लोग घायल हो गए।

फैसलाबाद में भारी बारिश के कारण एक मकान की छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं, गुजरांवाला के पठान कॉलोनी इलाके में खेतों में जमा बारिश के पानी में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई।

बहावलनगर में मकान की छत गिरने से तीन लोग घायल हुए, जबकि बारिश के दौरान बिजली के खंभे से करंट लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया।

इसके अलावा नरवाल के सैर बाजवा गांव में छत गिरने की घटना में दो महिलाएं घायल हुईं। सियालकोट के दरमा वाला इलाके में भी मकान की छत गिरने से एक महिला घायल हो गई।

ननकाना साहिब और शेखूपुरा में डेरा महबूब आलम तथा पीर शाह खाकी दीवान दरबार के पास हुई दो अलग-अलग घटनाओं में तीन महिलाएं घायल हुईं। वहीं, ओकारा में भारी बारिश के कारण पशुओं का बाड़ा गिरने से दो लोग घायल हो गए।

पीडीएमए के महानिदेशक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पंजाब प्रांत में अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 22 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 183 लोग घायल हुए हैं।

इससे पहले पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में भी भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ ने तबाही मचाई थी। 19 जुलाई से अब तक वहां बारिश से जुड़ी घटनाओं में 20 लोगों की मौत हो गई थी।

खैबर पख्तूनख्वा में मृतकों में आठ बच्चे, सात पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। घायलों में 11 पुरुष, चार महिलाएं और चार बच्चे बताए गए हैं।

पीडीएमए के अनुसार, बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाएं बुनेर, बाजौर, शांगला, स्वाबी, लोअर चितराल, अपर व लोअर दीर, पेशावर, एबटाबाद, मनसेहरा, तोर घर, कुर्रम और उत्तरी व दक्षिणी वजीरिस्तान सहित कई जिलों में सामने आई हैं।

प्राधिकरण ने बताया कि भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ के कारण अब तक 30 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी रखा है।

--आईएएनएस

केआर/