☰
×

हुगली में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शुरू, शाम तक 700 से अधिक मूर्तियां हुईं प्रवाहित

 

कोलकाता, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। कोलकाता और हावड़ा में हुगली नदी के विभिन्न घाटों पर बुधवार से दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया। अधिकारियों ने बताया कि विसर्जन जुलूसों में 'आबार एशो मां' (मां, अगले साल फिर जल्दी आना) के जयघोष गूंजते रहे।

विसर्जन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। बुधवार शाम 7 बजे तक कोलकाता और हावड़ा के विभिन्न घाटों से 700 से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं का हुगली नदी में विसर्जन किया जा चुका था।

कोलकाता पुलिस ने विसर्जन को लेकर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। पुलिस अधिकारी यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि प्रतिमा विसर्जन के लिए आने वाले पूजा आयोजकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

कोलकाता पुलिस के पोर्ट डिवीजन के डिप्टी कमिश्नर हरिकृष्ण पाई सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनके साथ आईपीएस अधिकारी आकाश मेघारिया और कई अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।

पुलिस ने हुगली नदी के पानी को प्रदूषित होने से बचाने के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

वहीं, कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने विसर्जन के बाद प्रतिमाओं को हटाने के लिए विशेष व्यवस्था की है। यह सेवा 21 से 24 अक्टूबर तक 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।

नदी किनारे कुल 27 घाटों पर प्रतिमा हटाने और सफाई की व्यवस्था की गई है। इसके लिए नगर निगम के विभिन्न विभागों के 611 कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

इन घाटों में बाजे कदमतला घाट, जजेस घाट, दोई घाट, निमतला घाट, आहिरीटोला घाट, बिचाली घाट, शोभाबाजार घाट, रतन बाबू घाट, सर्वमंगला घाट और कुमारटुली घाट समेत अन्य प्रमुख घाट शामिल हैं।

जनसुरक्षा के लिए केएमसी की 43 मेडिकल टीमें 24 घंटे तैनात रहेंगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए 7 एम्बुलेंस भी उपलब्ध रखी गई हैं।

इसके अलावा, घाटों की निगरानी के लिए 8 वेक्टर कंट्रोल टीमें तैनात की गई हैं। जलमार्ग में सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 8 टीमें रतन बाबू घाट से बिचाली घाट तक तैनात रहेंगी।

प्रत्येक एनडीआरएफ टीम में 35 कर्मी होंगे। साथ ही 56 सिविल डिफेंस स्वयंसेवक भी तैनात किए गए हैं। इनके पास मोटर बोट, लाइफ जैकेट और गोताखोरों की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

आम लोगों की सुविधा के लिए 28 पानी के टैंकर और 12 बायो-टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। सभी घाटों पर पर्याप्त रोशनी, दिशा-निर्देश और जनजागरूकता के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी लगाया गया है।

सफाई और विसर्जन प्रबंधन को सुचारू बनाए रखने के लिए केएमसी के पार्क्स एंड स्क्वेयर्स, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, लाइटिंग, सिविल और स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ कोलकाता पुलिस, सिंचाई विभाग, आपदा प्रबंधन एवं सिविल डिफेंस विभाग, एनडीआरएफ और श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट प्राधिकरण के बीच समन्वय स्थापित किया गया है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी