ओडिशा: ओपीएससी ने ओसीएस-2024 के नतीजे किए घोषित, 200 उम्मीदवारों ने पास की परीक्षा
भुवनेश्वर, 26 मई (आईएएनएस)। ओडिशा लोक सेवा आयोग (ओपीएससी) ने मंगलवार को ओडिशा सिविल सेवा परीक्षा-2024 का परिणाम घोषित कर दिया। इस परीक्षा में कुल 200 उम्मीदवार सफल हुए हैं, जिनमें 78 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। परिणाम जारी होने के बाद सफल उम्मीदवारों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है।
आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, चयनित उम्मीदवारों में 70 अभ्यर्थी अनारक्षित वर्ग से हैं, जिनमें 30 महिलाएं शामिल हैं। सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग (एसईबीसी) से 35 उम्मीदवार सफल हुए हैं, जिनमें 11 महिलाएं हैं। अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग से 45 उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की, जिनमें 16 महिलाएं शामिल हैं। वहीं अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग से 50 उम्मीदवार सफल हुए हैं, जिनमें 21 महिला अभ्यर्थी हैं।
बता दें कि ओडिशा सिविल सेवा परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की जाती है। इसमें प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू शामिल होते हैं। ओडिशा सिविल सेवा परीक्षा-2024 के लिए विज्ञापन 31 दिसंबर 2024 को जारी किया गया था। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 200 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं, जिनमें 65 पद महिलाओं के लिए आरक्षित थे।
आयोग के मुताबिक वर्ष 2026 में आयोजित मुख्य परीक्षा में कुल 2,058 उम्मीदवार शामिल हुए थे, जिनमें 707 महिलाएं थीं। इसके बाद 385 उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू के लिए बुलाया गया, जिनमें 155 महिलाएं शामिल थीं। यह प्रक्रिया 14 मई से 20 मई 2026 तक कटक स्थित ओपीएससी कार्यालय में आयोजित की गई।
आयोग ने अब 200 उम्मीदवारों की नियुक्ति की सिफारिश की है। इस परीक्षा में एसईबीसी वर्ग के उम्मीदवार बुबुन साहू ने टॉप किया है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी।
राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने कहा कि यह सफलता कड़ी मेहनत, धैर्य और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। वहीं मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल एक पद नहीं, बल्कि जनसेवा का पवित्र संकल्प है। उन्होंने सफल उम्मीदवारों से पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित प्रशासन व्यवस्था बनाने की अपील की।
--आईएएनएस
वीकेयू/डीकेपी