×

‘ऑपरेशन सिंदूर’ दुनिया के लिए स्पष्ट संदेश : चंद्रबाबू नायडू

 

अमरावती, 7 मई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ दुनिया के लिए एक स्पष्ट संदेश था कि भारत अपनी धरती पर होने वाले हमलों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा और नागरिकों को नुकसान पहुंचाने वालों को करारा जवाब दिया जाएगा।

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह अभियान भारत की रक्षा क्षमता और हर चुनौती का मुकाबला करने की ताकत को भी दर्शाता है।

उन्होंने लिखा, “ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर मैं पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वालों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और भारतीय सशस्त्र बलों को उनके साहसिक और मुंहतोड़ जवाब के लिए सलाम करता हूं। जय हिंद।”

आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने भी देश की सुरक्षा में लगे जवानों के साहस, शौर्य और अटूट प्रतिबद्धता को नमन किया। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर राष्ट्रीय गौरव, न्याय और अडिग संकल्प का प्रतीक है। यह जीत उन ताकतों के लिए चेतावनी है जो भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता को चुनौती देने का दुस्साहस करती हैं।”

राज्य के शिक्षा एवं आईटी मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि एक साल पहले ऑपरेशन सिंदूर ने भारत के संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अटल संकल्प को दुनिया के सामने रखा था। उन्होंने भारतीय सेना के साहस, सटीक कार्रवाई और निस्वार्थ सेवा को सलाम करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व की भी सराहना की।

केंद्रीय कोयला एवं खनन मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर देश उन सैनिकों के अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण को सम्मान देता है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी मजबूती से देश की रक्षा की।

वहीं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा, “जब ड्रोन घरों के ऊपर उड़ रहे थे, जब सीमावर्ती गांवों के बच्चे सायरनों की आवाज के बीच सो रहे थे, तब भारत झुका नहीं। ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि एक संदेश है कि अगर भारत पर हमला होगा तो भारत जवाब देगा।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब भारत चुप रहने वाला देश नहीं है।

--आईएएनएस

डीएससी