☰
×

ओपी राजभर बोले-'1990 की फायरिंग के लिए माफी मांगें अखिलेश यादव', राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

 

नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने रविवार को समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से कहा कि वह अयोध्या के राम मंदिर जाते समय अपने "दिल्ली वाले बड़े भाई" को भी साथ लेकर जाएं और 1990 में कारसेवकों पर हुई फायरिंग के लिए माफी भी मांगें।

अखिलेश यादव दिसंबर में अयोध्या जाकर राम मंदिर में दर्शन और पूजा करने वाले हैं।

राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''अखिलेशजी, अब जब आप रामलला का आशीर्वाद लेने अयोध्या जाने की बात कर रहे हैं, तो अपने दिल्ली वाले बड़े भाई को भी साथ ले जाइए। आखिर उनकी मां और उनकी पार्टी ही तो भगवान श्रीराम को काल्पनिक बताती रही है।''

उन्होंने कहा, ''रास्ते में उन्हें अयोध्या अपनी आंखों से दिखाइए। उन्हें बताइए कि भगवान श्रीराम कोई काल्पनिक पात्र नहीं हैं।'' अयोध्या रामलला की जन्मभूमि है और विदेशी आक्रमणकारियों ने वहां का मंदिर तोड़कर उसकी जगह मस्जिद बनवाई थी।

उत्तर प्रदेश के मंत्री ने अखिलेश यादव से यह भी कहा कि वे अपने 'बड़े भाई' राहुल गांधी को बताएं कि अब वे कांग्रेस की ऐतिहासिक गलतियों का बोझ नहीं उठाएंगे। उन्होंने कहा, ''रामलला के सामने सिर झुकाइए और अपने पूर्वजों द्वारा की गई गलतियों का प्रायश्चित कीजिए।''

राजभर ने आगे कहा, ''अखिलेश भैया, बात सिर्फ आपके बड़े भाई की नहीं है। जब आप रामलला के दर्शन करने जाएं, तो उन पूज्य कारसेवकों की आत्माओं से भी क्षमा मांगिए, जिन पर आपकी समाजवादी पार्टी की सरकार ने गोली चलवाई थी।''

समाजवादी पार्टी पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप दोहराते हुए उन्होंने कहा, ''मुस्लिम वोटों के लिए आपने खुद भी कई टोपियां पहनीं और मुसलमानों को भी बहुत सी राजनीतिक टोपियां पहनाईं। आपकी जिंदगी का बड़ा हिस्सा इसी राजनीति में निकल गया। अगर आखिरकार आपको भगवान श्रीराम की शरण में ही आना था, तो इतनी देर क्यों लगाई, भैया?''

हालांकि, राजभर ने अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के फैसले का स्वागत भी किया। उन्होंने कहा, ''फिर भी, देर आए दुरुस्त आए। आपका रामलला के दर्शन का फैसला स्वागत योग्य है। जाइए और उनका आशीर्वाद लीजिए। शायद अयोध्या की पवित्र धरती पर पहुंचकर आपको कुछ ऐसे सच दिखाई दें, जो राजनीति से ऊपर हैं।''

उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि अगले वर्ष अयोध्या में फिर भव्य और दिव्य दीपोत्सव मनाया जाएगा।

राजभर ने कहा, ''लाखों दीप जलेंगे, अयोध्या फिर से जगमगाएगी और पूरी दुनिया रामलला की नगरी की भव्यता देखेगी। आपके जो समर्थक यह भ्रम फैला रहे हैं कि यह अयोध्या का आखिरी दीपोत्सव था, उनसे कहिए कि इस बात को मोटे अक्षरों में लिखकर नोट कर लें।''

उन्होंने अखिलेश यादव से इस वर्ष के दीपोत्सव का वीडियो देखने की भी अपील की, ताकि वे वहां उमड़ी लोगों की भीड़ को देख सकें।

उन्होंने कहा, ''राम की पैड़ी पर पैर रखने तक की जगह नहीं थी। उस जनसैलाब को सिर्फ भीड़ मत समझिए। उनके चेहरों को देखिए, उनकी आस्था को समझिए और जनता की भावना को जानने की कोशिश कीजिए। यदि राम को समझना है, तो पहले जनता को समझिए। जिस दिन जनता को समझ लेंगे, उसी दिन राम को भी समझ जाएंगे।''

इसके साथ ही राजभर ने अखिलेश यादव को अगले वर्ष अयोध्या के दीपोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।उन्होंने कहा, ''राम की पैड़ी पर खड़े होकर दीपोत्सव को अपनी आंखों से देखिए और उस जनभावना को महसूस कीजिए, जिसकी मैं बात कर रहा हूं।''

--आईएएनएस

एएमटी/पीएम