दुनिया में शांति सिर्फ ट्रंप ही ला सकते हैं: जापान की पीएम ताकाइची
वॉशिंगटन, 19 मार्च (आईएएनएस)। जापानी प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के दौरान कहा कि मौजूदा वैश्विक सुरक्षा संकट के बीच दुनिया में शांति स्थापित करने में सिर्फ ट्रंप ही सक्षम हैं।
व्हाइट हाउस में हुई इस मुलाकात के दौरान ताकाइची ने कहा, “मध्य पूर्व और दुनिया भर में इस समय बेहद गंभीर सुरक्षा स्थिति बनी हुई है। इन हालातों का वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी बड़ा असर पड़ने वाला है।” उन्होंने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि केवल आप ही दुनिया में शांति ला सकते हैं।”
ट्रंप ने ताकाइची का स्वागत करते हुए उनकी नेतृत्व क्षमता और चुनावी जीत की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध बेहद मजबूत हैं और अमेरिका-जापान के रिश्ते आगे भी इसी तरह मजबूत बने रहेंगे।
दोनों नेताओं ने व्यापार, सुरक्षा और द्विपक्षीय सहयोग सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। ईरान के मुद्दे पर ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिका वहां सेना नहीं भेजेगा। उन्होंने कहा, “मैं कहीं भी सेना नहीं भेज रहा हूं।”
हालांकि ट्रंप ने यह भी दावा किया कि मौजूदा संघर्ष जल्द खत्म हो जाएगा और अमेरिकी कार्रवाई से विरोधियों की क्षमताओं को काफी हद तक कमजोर कर दिया गया है।
उन्होंने सहयोगी देशों से अधिक योगदान की जरूरत पर भी जोर दिया, हालांकि यह भी कहा कि अमेरिका अपनी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं है। ट्रंप ने जापान की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वह अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है।
ताकाइची ने ईरान की गतिविधियों पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे क्षेत्रीय स्थिरता प्रभावित हो रही है और ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देना चाहिए। उन्होंने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहे असर का भी जिक्र किया और कहा कि ऊर्जा बाजार को स्थिर करने के लिए उनके पास सुझाव हैं।
उन्होंने अमेरिका-जापान गठबंधन को मजबूत बताते हुए आर्थिक सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई। चीन को लेकर उन्होंने कहा कि जापान संवाद के लिए हमेशा खुला रहा है और संतुलित तरीके से बातचीत कर रहा है।
अक्टूबर 2025 में पद संभालने के बाद यह ताकाइची की पहली व्हाइट हाउस यात्रा थी। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिका अपने सहयोगी देशों से ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक स्थिरता में अधिक भूमिका निभाने की अपेक्षा कर रहा है।
--आईएएनएस
डीएससी