आंध्र: चेक बाउंस मामले में प्रोड्यूसर बंदला गणेश को एक साल की जेल
अमरावती, 18 नवंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश की एक अदालत ने बुधवार को तेलुगु फिल्म प्रोड्यूसर बंदला गणेश को चेक बाउंस के एक मामले में एक साल की जेल की सजा सुनाई है।
ओंगोल की एक अदालत ने गणेश को एक साल की साधारण कैद की सजा सुनाई और उन पर 95 लाख रुपए का जुर्माना लगाया। अदालत ने उन्हें यह भी निर्देश दिया कि वे कानूनी कार्रवाई के दौरान शिकायतकर्ता का हुआ कानूनी खर्च भी उठाएं।
यह मामला 2018 में प्रकाशम जिले के मदिरालापाडु निवासी जानकी रमैया से गणेश द्वारा लिए गए 95 लाख रुपए के कर्ज से जुड़ा है।
रमैया की मौत के बाद, गणेश ने बकाया रकम चुकाने के लिए अपनी प्रोडक्शन कंपनी 'परमेश्वर आर्ट्स' के जरिए उनके पिता जेटी वेंकटेश्वर राव को एक चेक दिया था।
बैंक खाते में पर्याप्त फंड न होने के कारण चेक बाउंस हो गया, जिसके बाद वेंकटेश्वर राव ने ओंगोल अदालत का दरवाजा खटखटाया।
मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने गणेश को दोषी पाया और उन्हें एक साल की साधारण कैद की सजा सुनाई, साथ ही 95 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया। हालांकि, अदालत ने उन्हें ऊपरी अदालत में अपील करने के लिए एक महीने का समय दिया है।
इससे पहले 2024 में भी एक निचली अदालत ने इसी मामले में गणेश को सजा सुनाई थी, जिसके खिलाफ वे ऊपरी अदालत गए थे, लेकिन वहां भी उनकी सजा बरकरार रखी गई।
इस बीच, बुधवार को ओंगोल कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए बंदला गणेश ने कहा कि वह भारत के संविधान, न्यायपालिका और पुलिस व्यवस्था का बहुत सम्मान करते हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि हमारे लोकतांत्रिक ढांचे में हर संस्था का अपना एक अलग स्थान और विशेष जिम्मेदारियां होती हैं। संविधान हमें न्याय पाने का अवसर देता है, जिला अदालतों से लेकर उच्च न्यायालयों और अंततः सर्वोच्च न्यायालय तक। मेरा दृढ़ विश्वास है कि न्यायपालिका में पूरी आस्था रखते हुए और कानून का उचित सम्मान करते हुए आगे बढ़ना चाहिए।
गणेश को पहले भी चेक बाउंस के मामलों का सामना करना पड़ा है। ऐसे ही मामलों में उन्हें जेल की सजा भी सुनाई गई थी, जिसके बाद उन्होंने उच्च अदालतों में अपील दायर की थी।
साल 2017 में, हैदराबाद की एर्रामंजिल स्पेशल कोर्ट ने बंदला गणेश को छह महीने की कठोर कारावास की सजा सुनाई थी और उन पर लगभग 16 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया था।
उन्हें पटकथा लेखक वक्कांथम वामसी द्वारा दायर चेक बाउंस के एक मामले में सजा सुनाई गई थी। हालांकि, अदालत में पर्सनल बॉन्ड जमा करने के बाद गणेश को जमानत मिल गई थी।
--आईएएनएस
एमएस/