अफगानिस्तान: बढ़ते सड़क हादसे चिंता का विषय, रिपोर्ट में दावा- 'मार्च से अब तक 100 लोगों ने गंवाई जान'
काबुल, 6 जुलाई (आईएएनएस)। दक्षिणी अफगानिस्तान के जाबुल प्रांत में सोमवार को एक यात्री बस सड़क से उतरकर पलट गई। इस दुर्घटना में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 28 घायल हो गए। अफगानिस्तान के विभिन्न प्रांतों से आए दिन हादसों की खबर आती रहती है। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मार्च से अब तक 100 से ज्यादा लोगों ने जान गंवाई है।
स्थानीय पुलिस प्रवक्ता जबिहुल्लाह जवाहर के अनुसार, जाबुल सड़क हादसा शाह जोय जिले के बाहरी इलाके में हुआ, जब हेरात से काबुल जा रही बस अचानक तकनीकी खराबी के कारण नियंत्रण खो बैठी और सड़क से उतरकर पलट गई।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
अफगानिस्तान में हाल के दिनों में इस तरह के सड़क हादसों की कई घटनाएं सामने आई हैं।
अफगानिस्तान में इस साल मार्च के अंत से अब तक सड़क हादसों में करीब 101 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 198 लोग घायल हुए हैं। यह दावा सेटेलाइट चैनल अमू टीवी ने किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि में देशभर में लगभग 120 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें मृतकों में 14 बच्चे भी शामिल हैं, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है।
हालांकि यह आंकड़े केवल उपलब्ध रिपोर्ट्स पर आधारित हैं और पूरे देश का आधिकारिक डेटा नहीं हैं, इसलिए वास्तविक संख्या इससे अधिक हो सकती है। इस मुद्दे पर तालिबान प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं।
विश्लेषण में पाया गया कि अधिकांश दुर्घटनाएं प्रमुख राजमार्गों पर हुई हैं, खासकर काबुल-हेरात और काबुल-जालालाबाद हाईवे पर। इसके अलावा बदख्शां प्रांत में भी कई गंभीर सड़क हादसे दर्ज किए गए हैं।
लगातार बढ़ते इन हादसों ने अफगानिस्तान में सड़क सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियमों के पालन और बुनियादी ढांचे की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि खराब सड़कें, तेज रफ्तार, पुराने वाहन और सुरक्षा नियमों की अनदेखी इन दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हो सकते हैं।
--आईएएनएस
केआर/