न्यूयॉर्क शहर के टाइम्स स्क्वायर में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल
न्यूयॉर्क, 19 जून (आईएएनएस)। न्यूयॉर्क शहर के टाइम्स स्क्वायर में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, गोलीबारी गुरुवार को स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 3:40 बजे (19ः40 जीएमटी) हुई। वीडियो फुटेज में चौराहे पर अफरातफरी मचती हुई दिखाई दी, जिसमें लोग इधर-उधर भागते या बचाव के लिए झुकते हुए दिखे। चीखने-चिल्लाने की आवाजें भी सुनी जा सकती थीं।
एक और वीडियो में काले कपड़े पहने कम से कम दो लोग भीड़-भाड़ वाले चौराहे पर आते और गोली चलाते हुए दिखाई दिए। सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, बाद में पुलिस ने जांच के दौरान बैरिकेड्स और टेप लगाकर उस इलाके को सील कर दिया।
न्यूयॉर्क पुलिस डिपार्टमेंट ने बताया कि उस इलाके में वर्ल्ड कप इवेंट्स में शामिल होने आए बहुत सारे लोग मौजूद थे, इनमें से कई लोग पिछले हफ़्ते टूर्नामेंट शुरू होने के बाद से ही शहर में थे।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में गोलीबारी शुरू होने का मंजर दिखा, जिससे टाइम्स स्क्वायर में अफरा-तफरी मच गई और पर्यटक व आस-पास के लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित जगह की ओर भागने लगे। फुटेज में भीड़ को सुरक्षित जगह की तलाश में भागते हुए देखा गया, जबकि उस व्यस्त इलाके में गोलियों की आवाज गूंज रही थी।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों को भागते हुए देखा गया, जबकि संदिग्ध सड़क पर भाग रहे थे और वहां पहले से तैनात पुलिस अफसर उनका पीछा कर रहे थे। यह गोलीबारी वहां खड़ी एक पुलिस गाड़ी से कुछ ही दूरी पर हुई।
यह घटना लोअर मैनहट्टन में न्यूयॉर्क निक्स की चैंपियनशिप परेड के कुछ ही घंटों बाद हुई। इस कार्यक्रम के लिए शहर भर में लगभग 10,000 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया था।
इससे पहले 16 जून को टाइम्स स्क्वायर में उस समय गोलीबारी हुई थी, जब न्यूयॉर्क निक्स की 53 साल में पहली एनबीए चैंपियनशिप जीतने का जश्न अफरातफरी में बदल गया था।
जीत के कुछ ही समय बाद वीडियो में भीड़-भाड़ वाले एंटरटेनमेंट हब में गोलीबारी होती दिखी, जिससे सैकड़ों फैंस को इधर-उधर भागना पड़ा। अलग-अलग फुटेज में पुलिस अधिकारियों को घटनास्थल पर एक व्यक्ति से भरी हुई बंदूक बरामद करते हुए देखा गया।
एक वायरल वीडियो में 42वीं स्ट्रीट और ब्रॉडवे के चौराहे के पास कम से कम सात बार गोली चलने की आवाज रिकॉर्ड हुई, जहां शनिवार रात ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने के लिए भारी भीड़ जमा हुई थी। गोलीबारी में 17 साल का एक लड़का घायल हो गया और उसे पुलिस की गाड़ी से अस्पताल ले जाया गया।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम