×

ओडिशा: पुलिस स्टेशन में महिला से मारपीट के आरोप में अधिकारी निलंबित

 

भुवनेश्वर, 28 मई (आईएएनएस)। ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में एक महिला पुलिस अधिकारी को विवाहित महिला और उसके बेटे की पिटाई मामले में निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि पुलिस स्टेशन में महिला के माथे से सिंदूर भी पोंछ दिया गया, जिसे हिंदू परंपरा में बेहद अपमानजनक माना जाता है।

शिकायत के अनुसार, पीड़िता अन्नपूर्णा मंडल ने मंगलवार को सब-डिविजनल पुलिस अधिकारी पट्टामुंडई के पास शिकायत दर्ज कराई थी।

अन्नपूर्णा मंडल ने बताया कि वह सोमवार शाम करीब 6 बजे अपने बेटे के साथ तलछुआ मरीन पुलिस स्टेशन में घरेलू विवाद की शिकायत दर्ज कराने गई थीं, लेकिन शिकायत दर्ज करने के बजाय थाने की आईआईसी संध्यारानी जेना नाराज हो गई। उन्होंने महिला को गालियां दीं, बाल पकड़कर पीटा, कपड़े फाड़ने की कोशिश की और उसके माथे से सिंदूर पोंछ दिया।

महिला के बेटे के साथ भी मारपीट की गई। थाने के टॉयलेट में ले जाकर कपड़े उतारे गए और एक कॉन्स्टेबल के साथ मिलकर पिटाई की गई। उसे लात-घूंसों और डंडों से मारा गया और गला दबाकर धमकी दी गई कि अगर किसी को बताया तो मां-बेटे दोनों को मार दिया जाएगा।

बताया गया कि पीड़ितों से खाली कागजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए और रात करीब 11:40 बजे उन्हें छोड़ा गया।

अगले दिन अन्नपूर्णा ने राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया और बाद में एसडीपीओ सुखंत पात्रा के पास शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद केंद्रपाड़ा एसपी ने बुधवार को थाने का दौरा किया और सीसीटीवी फुटेज की जांच की।

जांच के आधार पर ओडिशा के पुलिस महानिदेशक वाई.बी. खुरानिया ने तलछुआ आईआईसी संध्यारानी जेना को 'गंभीर कदाचार और कर्तव्य में लापरवाही' के आरोप में निलंबित कर दिया।

आदेश में कहा गया कि उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी और उन्हें केंद्रीय रेंज आईजी के अधीन रखा जाएगा।

वहीं, निलंबित आईआईसी संध्यारानी जेना ने सभी आरोपों को गलत बताया है और कहा है कि थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सच्चाई दिखाएगी। हालांकि, इसी फुटेज के आधार पर उनके निलंबन का फैसला किया गया है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी