ओडिशा में बाढ़ और राहत कार्यों को लेकर चरम पर पहुंचा राजनीतिक विवाद
भुवनेश्वर, 30 जुलाई (आईएएनएस)। विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस ने गुरुवार को राज्य सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि जब लोग भीषण बाढ़ से जूझ रहे हैं, तब मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राहत और बचाव कार्यों की देखरेख करने के बजाय नई दिल्ली में हैं।
विपक्ष के नेता और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि ओडिशा में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है, फिर भी राज्य के भाजपा नेता 'दिल्ली में दावत उड़ा रहे हैं।' उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण राज्य भर में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, लेकिन नेतृत्व नदारद है।
पटनायक ने बताया कि मयूरभंज, बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, झारसुगुड़ा, ढेंकनाल और संबलपुर जैसे जिलों में लोग भारी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई लोगों की मौत की खबरों ने ओडिशा के लोगों को गहरा दुख पहुंचाया है और सरकार की लापरवाही के आरोप भी सामने आ रहे हैं।
बीजद प्रमुख ने याद दिलाया कि ओडिशा ने हमेशा 'हर जीवन कीमती है' के सिद्धांत का पालन किया है और आपदा प्रबंधन के लिए वैश्विक पहचान हासिल की है। उन्होंने कहा कि हालांकि, यह हैरानी की बात है कि चुने हुए प्रतिनिधियों ने बाढ़ की स्थिति से निपटने के बजाय लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। ऐसी नाजुक स्थिति में सरकार को असंवेदनशील नहीं होना चाहिए।
आरोपों का जवाब देते हुए रेवेन्यू मिनिस्टर सुरेश पुजारी ने कहा कि मुख्यमंत्री माझी महानदी जल विवाद पर एक अहम बैठक में शामिल होने के लिए नई दिल्ली गए थे। यह एक ऐसा मुद्दा है जिसे बीजद अपने कार्यकाल में सुलझाने में नाकाम रही थी।
उन्होंने कहा कि वे बाढ़ से प्रभावित 20 जिलों के विधायकों (जिनमें विपक्ष के विधायक भी शामिल हैं) के संपर्क में हैं और हालात पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।
कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व जल संसाधन मंत्री निरंजन पटनायक ने भी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि मॉनसून से दो महीने पहले ही तैयारी के लिए एक बैठक होनी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन बारिश और बाढ़ के बारे में अलग-अलग आंकड़े दे रहा है, जिससे पता चलता है कि उनके पास सही आंकड़े नहीं हैं।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी आंकड़ों की तुलना में ज्यादा लोगों की मौत हुई है।
--आईएएनएस
एमएस/