×

पीएम मोदी से मिले ब्र‍िक्‍स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, वैश्विक चुनौतियों पर हुई चर्चा

 

नई दिल्ली, 23 जून (आईएएनएस)। नई दिल्ली में 16वीं ब्र‍िक्‍स राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) बैठक के दो दिवसीय कार्यक्रम के बाद मंगलवार को ब्र‍िक्‍स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्हें इन सभी सुरक्षा सलाहकारों और वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर खुशी हुई।

उन्होंने कहा, "बदलते वैश्विक माहौल में ब्र‍िक्‍स की भूमिका बहुत अहम है। यह सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने और आतंकवाद, साइबर सुरक्षा और नई तकनीकों जैसी साझा चुनौतियों से निपटने में मदद कर सकता है। भारत की अध्यक्षता का उद्देश्य व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाना, ग्लोबल साउथ (विकासशील देशों) की प्राथमिकताओं को समर्थन देना और एक सुरक्षित, मजबूत और समावेशी दुनिया बनाने में योगदान देना है।"

दो दिवसीय बैठक के दौरान ब्र‍िक्‍स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और प्रतिनिधिमंडल प्रमुखों ने दुनिया के सामने मौजूद सुरक्षा चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया।

विदेश मंत्रालय (एमईए) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि बैठक में गैर-पारंपरिक सुरक्षा चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। इनमें ऊर्जा सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा, सप्लाई चेन (आपूर्ति व्यवस्था) की सुरक्षा, आतंकवादी संगठनों की ओर से इस्तेमाल की जा रही नई तकनीकें, साइबर सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन से पैदा होने वाली अस्थिरता जैसे मुद्दे शामिल थे।

एमईए के अनुसार, शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों ने ब्र‍िक्‍स के 'आतंकवाद विरोधी संयुक्त कार्य समूह' और 'सूचना एवं संचार तकनीकों के सुरक्षित इस्तेमाल' से जुड़े कार्य समूहों की गतिविधियों और नतीजों की भी समीक्षा की। आतंकवाद विरोधी कार्य समूह की बैठक इस साल 21-22 मई को हुई थी, जबकि सूचना और संचार तकनीक से जुड़ी बैठक इसी महीने पहले आयोजित की गई थी।

बयान में कहा गया कि नेताओं ने ब्र‍िक्‍स देशों के बीच सहयोग बढ़ाने का समर्थन किया। खासतौर पर सदस्य देशों की क्षमताओं को मजबूत करने, जानकारी साझा करने और आतंकवाद और साइबर खतरों से मिलकर निपटने के लिए कानून लागू करने वाली एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया।

उन्होंने आतंकवाद के हर रूप और हर तरीके के खिलाफ लड़ाई जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही, आतंकवादी संगठनों द्वारा नई तकनीकों के इस्तेमाल को रोकने की जरूरत पर भी सहमति जताई।

बैठक में शामिल राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और प्रतिनिधिमंडल प्रमुखों ने 2026 में भारत की ब्र‍िक्‍स अध्यक्षता का पूरा समर्थन किया। बैठक खत्म होने के बाद सभी सुरक्षा सलाहकारों और प्रतिनिधिमंडल प्रमुखों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी