☰
×

टाटा संस की लिस्टिंग से समूह के मूल चरित्र और दीर्घकालिक मूल्यों पर असर पड़ सकता है: नोएल टाटा

 

नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने शनिवार को कहा कि यदि टाटा संस को शेयर बाजार में सूचीबद्ध किया जाता है, तो इससे टाटा समूह के मूल चरित्र और दीर्घकालिक मूल्यों पर असर पड़ सकता है। उनका मानना है कि बड़ी संख्या में सार्वजनिक शेयरधारकों के शामिल होने से समूह की प्राथमिकताएं परोपकार और संस्थान निर्माण से हटकर अन्य दिशाओं में जा सकती हैं।

एचटी लीडरशिप समिट 2026 में बोलते हुए नोएल टाटा ने कहा कि टाटा समूह की विशिष्ट स्वामित्व संरचना ने उसे कई पीढ़ियों तक अपने मूल्यों और सिद्धांतों को बनाए रखने में मदद की है। उन्होंने चेतावनी दी कि शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से यह मॉडल प्रभावित हो सकता है और समूह की पहचान बदल सकती है।

उन्होंने कहा कि टाटा ट्रस्ट्स नियामकों और अन्य हितधारकों के साथ बातचीत करेगा, ताकि ऐसे विकल्पों पर विचार किया जा सके जो समूह की स्थापना के मूल सिद्धांतों और मूल्यों की रक्षा कर सकें।

यह बयान ऐसे समय आया है जब टाटा संस के भविष्य के स्वामित्व ढांचे को लेकर टाटा समूह के भीतर मतभेद उभरकर सामने आए हैं। लगभग 165 अरब डॉलर के टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस में टाटा ट्रस्ट्स की करीब दो-तिहाई हिस्सेदारी है और वह सार्वजनिक लिस्टिंग का विरोध करता रहा है।

वहीं, माइनॉरिटी शेयरहोल्डर शापूरजी पलोनजी समूह लंबे समय से टाटा संस की लिस्टिंग का समर्थन करता रहा है। समूह का तर्क है कि इससे उसकी हिस्सेदारी का वास्तविक मूल्य सामने आएगा और निवेशकों को लाभ मिलेगा।

इसके अलावा, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने हाल ही में टाटा संस की अपनी कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी (सीआईसी) का दर्जा छोड़ने की मांग को खारिज कर दिया था। इस फैसले के बाद उन विकल्पों की संख्या कम हो गई है, जिनके जरिए कंपनी गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) से जुड़े नियमों के तहत संभावित लिस्टिंग से बच सकती थी।

नोएल टाटा ने हाल के कुछ बोर्ड फैसलों पर भी असहमति जताई है। इनमें संभावित लिस्टिंग की तैयारियों से जुड़े कदम और समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के कार्यकाल विस्तार से संबंधित निर्णय शामिल हैं। जानकारों के अनुसार, ये मतभेद समूह के शासन ढांचे और भविष्य की रणनीतिक दिशा को लेकर व्यापक विचारों के अंतर को दर्शाते हैं।

हालांकि, नोएल टाटा ने समूह के रणनीतिक क्षेत्रों में निवेश का समर्थन किया। उन्होंने सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रिक वाहन बैटरी और अन्य राष्ट्र निर्माण से जुड़ी पहलों को टाटा समूह के लिए महत्वपूर्ण बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि इन बड़े प्रोजेक्ट्स की सफलता के लिए मजबूत निष्पादन क्षमता और पूंजी आवंटन में अनुशासन बेहद आवश्यक है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि परोपकार और राष्ट्रीय विकास टाटा समूह की प्रमुख प्राथमिकताएं बनी हुई हैं। लेकिन इन लक्ष्यों को सफलतापूर्वक हासिल करने के लिए परिचालन स्तर पर और अधिक अनुशासन तथा प्रभावी कार्यान्वयन की आवश्यकता होगी।

--आईएएनएस

डीबीपी