×

कांग्रेस के 60 साल के कार्यकाल में छात्रों को सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ा : रामकृपाल यादव

 

पटना, 20 सितंबर (आईएएनएस)। डूसू चुनाव परिणाम और राहुल गांधी की 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम सहित कई मामलों पर बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए डूसू चुनाव परिणाम को लेकर रामकृपाल यादव ने कहा, "सबसे पहले, उन सभी छात्रों को बधाई, जिन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के चुनाव लड़े और एबीवीपी के लिए चार में से तीन सीटें जीतीं। मेरी ओर से सभी चुने गए उम्मीदवारों को शुभकामनाएं। पार्टी की नीतियों के अनुसार छात्रों के कल्याण के लिए ये सभी लोग कार्य करेंगे।"

राहुल गांधी के इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर रामकृपाल यादव ने कहा, "पूरे देश में 'छात्रों की गूंज' सुनने वाला कोई नहीं है। जब उन्हें मौका मिला, तो उन्होंने छात्रों की चिंताओं पर ध्यान नहीं दिया। अगर छात्र चाहते हैं कि उनकी बात सुनी जाए, तो उन्हें जगह-जगह भटकना पड़ता है। 60 वर्षों तक कांग्रेस पार्टी सत्ता में रही और छात्रों को सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ा।"

रामकृपाल यादव ने आगे कहा, "आपको याद होगा कि छात्र आंदोलन बिहार से शुरू हुआ था और इसी आंदोलन की वजह से बिहार, कई अन्य राज्यों और पूरे देश में सरकार सत्ता से पूरी तरह बाहर हो गई थी। छात्रों पर सबसे अधिक जुर्म करने वाली पार्टी है। सबको याद होगा कि कांग्रेस की सरकार में इमरजेंसी लगाई गई थी। 'छात्रों की गूंज' इनके खिलाफ है।"

रामकृपाल यादव ने आगे कहा, "लोगों का कांग्रेस से भरोसा उठ गया है। उन्हें न तो कांग्रेस के नेताओं पर, न ही उसकी नीतियों या काम करने के तरीके पर कोई भरोसा है, क्योंकि उन्हें काफी लंबा समय मिला था और उस दौरान उन्होंने देश की जनता का भरोसा खो दिया। अब, भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में, प्रधानमंत्री मोदी की सरकार पिछले 12 सालों से देश और राष्ट्र की सेवा कर रही है।"

--आईएएनएस

एसडी/पीएम