महाराष्ट्र में ईंधन की कोई कमी नहीं, घबराकर न करें खरीदारी : छगन भुजबल
मुंबई, 22 मई (आईएएनएस)। देशभर में व्यापक रूप से फैल रही ईंधन संकट की अफवाहों के बीच महाराष्ट्र के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री छगन भुजबल ने लोगों को आश्वस्त किया कि राज्य में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने नागरिकों से घबराकर खरीदारी और अनावश्यक जमाखोरी से बचने की अपील की। उन्होंने बताया कि घबराहट के कारण खरीदारी बढ़ने से सामान्य मांग की तुलना में मई में पेट्रोल और डीजल की बिक्री लगभग 20 प्रतिशत तक बढ़ गई है।
उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार, राज्य सरकार और प्रधानमंत्री मिलकर देश में ईंधन की पर्याप्त और स्थिर आपूर्ति सुनिश्चित करने में सक्षम हैं। अफवाहों के आधार पर ईंधन का भंडारण करने की कोई जरूरत नहीं है।”
अफवाहों को दूर करने के लिए मंत्री छगन भुजबल ने विभिन्न जिलों के ईंधन बिक्री आंकड़े भी साझा किए और बताया कि सप्लाई चेन सामान्य रूप से काम कर रही है। उन्होंने नागरिकों से केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
यह स्थिति अंतरराष्ट्रीय संघर्ष और भू-राजनीतिक तनावों के बीच सामने आई है, जिनके कारण वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है और इसी वजह से घरेलू आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी है।
सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं, जिससे कुछ जगहों पर अस्थायी रूप से ईंधन की कमी जैसी स्थिति बन गई।
सरकारी तेल विपणन कंपनियों इंडियन ऑयल कारपोरेशन, भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड ने भी स्पष्ट किया है कि महाराष्ट्र में पेट्रोल, डीजल व एलपीजी की आपूर्ति सामान्य और निर्बाध रूप से जारी है।
--आईएएनएस
पीएम