☰
×

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन पटना के दुर्गा पूजा पंडालों में करेंगे पूजा-अर्चना

 

पटना, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को दो दिवसीय दौरे (17 और 18 अक्टूबर) पर पटना आएंगे। इस दौरान वे दुर्गा पूजा पंडालों में पूजा-अर्चना करेंगे और पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

भाजपा के कार्यक्रम के अनुसार, नितिन नवीन शनिवार को दोपहर 3 बजे ऐतिहासिक 'डाक बंगला चौराहा' दुर्गा पूजा पंडाल जाएंगे और देवी दुर्गा की पूजा-अर्चना करेंगे। रविवार को सुबह 9 बजे से शाम 5:40 बजे के बीच उनके कई कार्यक्रमों में शामिल होने की योजना है, जिनमें संगठनात्मक बैठकें और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत शामिल है। यह दौरा त्योहारों के समय हो रहा है और इसमें धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ पार्टी से जुड़ी गतिविधियां भी शामिल होंगी।

पटना प्रशासन ने 17 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से 20 अक्टूबर की रात 10 बजे तक के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था की घोषणा की है। इस दौरान डाक बंगला चौराहा और कोतवाली के बीच के रास्ते पर वाहनों की आवाजाही की अनुमति नहीं होगी।

इन पाबंदियों की घोषणा जिलाधिकारी (डीएम), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और पुलिस अधीक्षक (यातायात) ने की है। एम्बुलेंस, शव वाहन, आपातकालीन गाड़ियां और अधिकृत पास वाले वाहनों को इन पाबंदियों से छूट दी गई है।

त्योहार के दौरान भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने और लोगों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए, चुनिंदा जगहों पर एंट्री कंट्रोल, वन-वे व्यवस्था और रूट डायवर्जन लागू किए जाएंगे।

घोषित योजना के अनुसार त्योहार की तय अवधि के दौरान पटना नगर निगम क्षेत्र में बसों, ट्रकों, ट्रैक्टरों और टाटा 407 जैसे हल्के कमर्शियल वाहनों सहित सभी तरह के मालवाहक और यात्री वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।

डाक बंगला चौराहा, कोतवाली, इनकम टैक्स गोलंबर, बेली रोड, राजाबाजार फ्लाईओवर के आसपास का इलाका, अशोक राजपथ, पटना सिटी और न्यू बाईपास सहित कई प्रमुख जगहों पर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किए जाएंगे। इसके अलावा 21 अक्टूबर तक नगर निगम क्षेत्र में मेट्रो निर्माण और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है।

--आईएएनएस

ओपी/एएस