☰
×

राष्ट्रपति मुर्मु और नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर की चर्चा

 

नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और नेपाल के बीच रिश्तों को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की। बैठक में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच अनूठे और बहुआयामी रिश्तों की मजबूत नींव दोनों देशों की साझा सभ्यतागत विरासत और लोगों के बीच गहरे संबंधों पर आधारित है।

नेपाल के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार भेंट की। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों ने नेपाल और भारत के बीच मित्रतापूर्ण और सौहार्दपूर्ण संबंधों को आगे बढ़ाने पर विचार साझा किए।

भारतीय राष्ट्रपति सचिवालय ने भी 'एक्स' पर पोस्ट कर बताया कि राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों का आधार साझा सांस्कृतिक विरासत और जनता के बीच लंबे समय से चले आ रहे आत्मीय रिश्ते हैं।

इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, बुनियादी ढांचा, विकास साझेदारी, कनेक्टिविटी, सीमा प्रबंधन, शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच संपर्क जैसे कई अहम विषयों पर चर्चा हुई।

बैठक के दौरान बालेंद्र शाह ने अगस्त में भोटे कोशी और त्रिशूली नदी तंत्र में आई अचानक बाढ़ के बाद भारत की ओर से दी गई मानवीय और तकनीकी सहायता के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार भी व्यक्त किया।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के बीच द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। इस दौरान 'प्रधानमंत्री गतिशक्ति' परियोजना पर प्रस्तुति भी दी गई और नेपाल के प्रधानमंत्री के सम्मान में कार्यकारी भोज का आयोजन किया गया।

दोनों नेताओं ने ‘विकसित भारत और समुन्नत नेपाल के लिए संयुक्त दृष्टि’ को भी अपनाया। यह दस्तावेज भविष्य को ध्यान में रखते हुए दोनों देशों के बीच साझेदारी को नई दिशा देने और बेहतर भविष्य का रोडमैप तैयार करने का काम करेगा।

चर्चा में जलवायु परिवर्तन से निपटने की क्षमता बढ़ाने, आपदा प्रबंधन, खेल, स्टार्टअप, डिजिटल सेवाएं, अंतरिक्ष और नवाचार जैसे नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।

इस बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, विदेश सचिव विक्रम मिस्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

नेपाल के प्रधानमंत्री ने बैठक से पहले नई दिल्ली स्थित राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और आगंतुक पुस्तिका में संदेश भी लिखा। इससे पहले राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में उनका औपचारिक स्वागत किया गया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

--आईएएनएस

एवाई/वीसी