213 लापता भारतीयों को मृत घोषित करने की दिशा में आगे बढ़ा नेपाल
काठमांडू, 25 नवंबर (आईएएनएस)। नेपाल में भारतीय दूतावास ने उन भारतीय नागरिकों के परिवारों से आग्रह किया है, जो 26 अगस्त को नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद लापता हो गए थे। दूतावास ने उनसे कहा कि वे नेपाली अधिकारियों द्वारा जारी लापता भारतीय नागरिकों की लिस्ट देखें और अपनी कोई भी चिंता या आपत्ति 2 दिसंबर तक दर्ज कराएं।
नेपाल के 'नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी' (एनडीआरआरएमए) ने 213 लापता भारतीय नागरिकों की एक लिस्ट जारी की है। यह कदम उन्हें मृत मान लेने और आधिकारिक तौर पर मृत घोषित करने की प्रक्रिया का हिस्सा है।
इन आपदाओं के बाद 1,400 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि विदेशी नागरिकों सहित 5,000 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं। नेपाली सरकार ने तय किया है कि जो लोग लापता हैं, उन्हें जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आधिकारिक तौर पर मृत घोषित कर दिया जाएगा।
बाढ़ के कारण भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों के किनारे के बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है, जिसमें लगभग एक दर्जन जलविद्युत परियोजनाएं भी शामिल हैं।
एनडीआरआरएमए ने लापता भारतीय नागरिकों की सूची सार्वजनिक कर दी है। साथ ही, लोगों से कहा गया है कि अगर उन्हें इस सूची में किसी तरह की आपत्ति हो, या वे कोई नाम जोड़ना, हटाना या जानकारी में सुधार करना चाहते हैं, तो वे बता सकते हैं।
काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने एक बयान में लापता लोगों के परिवारों से अपील की है कि वे इस सूची को देखें और अगर उन्हें कोई चिंता या आपत्ति हो, या वे कोई बदलाव चाहते हैं, तो 2 दिसंबर 2026 तक इसकी जानकारी दें।
दूतावास ने कहा, "सुझाव या बदलाव मांगने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, नेपाल सरकार इस सूची को अंतिम रूप देगी और आधिकारिक तौर पर मृत्यु की घोषणा जारी करेगी।"
दूतावास ने आगे बताया कि इसके बाद नेपाल के संबंधित स्थानीय अधिकारियों से इन लोगों के लिए मृत्यु प्रमाण पत्र (डेथ सर्टिफिकेट) प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
दूतावास ने यह भी कहा कि इस प्रक्रिया के दौरान परिवारों से अतिरिक्त जानकारी या दस्तावेज मांगे जा सकते हैं, और आने वाले दिनों में इस बारे में और अपडेट दिए जाएंगे।
एनडीआरआरएमए द्वारा जारी एक नोटिस के अनुसार, प्राधिकरण को 12 देशों के राजनयिक मिशनों के माध्यम से 452 लापता विदेशी नागरिकों की सत्यापित जानकारी मिली है।
इस सूची में 213 भारतीय, 85 चीनी, 69 अमेरिकी, 32 ब्रिटिश, 27 कनाडाई, 9 सिंगापुर के नागरिक, 6 दक्षिण अफ्रीकी, 4 फ्रांसीसी, हंगरी, बेल्जियम और कजाकिस्तान से 2-2 नागरिक, और बेलारूस का 1 नागरिक शामिल है।
--आईएएनएस
डीकेपी/