×

केरल के अट्टापडी में महिला और बच्ची की हत्या पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने मांगी रिपोर्ट

 

नई दिल्ली, 12 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने केरल के पलक्कड़ जिले के अट्टापडी में एक महिला और एक बच्ची की कथित नृशंस हत्या के मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने राज्य पुलिस से एक सप्ताह के भीतर इस मामले में रिपोर्ट सौंपने को कहा है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, महिला और बच्ची के कटे हुए तथा सड़े-गले शव के अंग बोरियों में भरकर भवानी नदी के किनारे फेंके हुए मिले थे।

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने केरल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखकर मामले के मुख्य संदिग्ध की तत्काल गिरफ्तारी, संभावित सहयोगियों की पहचान, निष्पक्ष और गहन जांच तथा फोरेंसिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।

आयोग ने पीड़ितों के परिवार को पहचान और कानूनी प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सहायता और सहयोग उपलब्ध कराने की भी मांग की है।

एनसीडब्ल्यू ने सात दिनों के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) मांगी है। आयोग ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के जीवन, सम्मान और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।

इस बीच, मामले की जांच में पश्चिम बंगाल का एक प्रवासी मजदूर पुलिस के संदेह के दायरे में आया है। उस पर अपनी पत्नी और पांच वर्षीय बेटी की हत्या करने का शक जताया जा रहा है। महिला और बच्ची के क्षत-विक्षत शव बोरियों में भरकर नदी किनारे फेंके गए पाए गए थे।

जांचकर्ताओं के अनुसार, यह व्यक्ति करीब 25 दिन पहले अपनी पत्नी और बेटी के साथ इस इलाके में आया था। पुलिस को शक है कि इसी व्यक्ति ने दोनों की हत्या की हो सकती है।

पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी को अपनी पत्नी पर संदेह था, जिसे हत्या के संभावित कारण के रूप में देखा जा रहा है। प्रारंभिक जांच में मृतकों के आरोपी की पत्नी और बेटी होने की आशंका जताई गई है।

पुलिस को यह भी पता चला है कि मृतक पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे, जिससे यह संभावना मजबूत हुई है कि मामला एक प्रवासी परिवार से जुड़ा है। हालांकि, उनकी पहचान अभी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

जांच के दौरान पुलिस को उन बोरियों में से एक से महत्वपूर्ण सुराग मिला, जिनमें शव के अंग भरकर फेंके गए थे।

पुलिस के अनुसार, बोरी पर लिखी जानकारी से संकेत मिला है कि इसे कोयंबटूर से अट्टापडी के कोट्टाथरा स्थित एक दुकान तक अन्य सामान के साथ लाया गया था।

बोरी पर दर्ज बैच नंबर और अन्य निशानों की जांच की जा रही है ताकि उसके स्रोत का सही पता लगाया जा सके।

पुथुर पुलिस ने इस सुराग के आधार पर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस अट्टापडी और तमिलनाडु सीमा से लगे क्षेत्रों की थोक एवं खुदरा दुकानों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं कि इन बोरियों को किसने खरीदा और किसने उनका परिवहन किया था।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी