महाराष्ट्र: नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता वाली समिति ने सीएम फडणवीस के साथ परीक्षा आयोजन पर की चर्चा
मुंबई, 23 नवंबर (आईएएनएस)। नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय कार्य बल (टास्क फोर्स) ने सोमवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ चर्चा की। इस चर्चा का उद्देश्य राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित की जाने वाली विभिन्न राष्ट्रस्तरीय परीक्षाओं को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए राज्य सरकार की भागीदारी बढ़ाना था।
मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास 'वर्षा' में हुई इस बैठक में कार्य बल के सदस्य डॉ. एस. सोमनाथ और शंकर मारुवाड़ा, राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी (एनआरए) की निदेशक श्रुति सिंघल तथा अन्य अधिकारी शामिल हुए।
सरकारी बयान के मुताबिक, बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। इनमें एनटीए द्वारा बड़े पैमाने पर आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं के लिए राज्य के मौजूदा बुनियादी ढांचे का प्रभावी उपयोग करना, हर जिले में आवश्यक परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करना, इन केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों को प्रशिक्षित करना और परीक्षा आयोजन के लिए जरूरी लॉजिस्टिक्स (व्यवस्था) का प्रबंधन करना शामिल था।
राष्ट्रस्तरीय परीक्षाओं के आयोजन के दौरान राज्य सरकार और केंद्रीय परीक्षा एजेंसियों के बीच एक प्रभावी समन्वय तंत्र होना बहुत जरूरी है।
इस संदर्भ में परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता, वहां मिलने वाली सुविधाएं, प्रशिक्षित कर्मचारी और एक सुरक्षित परीक्षा माहौल सुनिश्चित करने में राज्य की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। इस काम के लिए राज्य की मौजूदा सरकारी मशीनरी और बुनियादी ढांचे के उपयोग पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के छात्रों को समान अवसर मिलें। साथ ही परीक्षाओं को दिव्यांग छात्रों और अंग्रेजी भाषा में कठिनाई महसूस करने वाले छात्रों के लिए अधिक सुलभ बनाने के लिए आवश्यक बदलाव किए जाएं।
परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए एक सुरक्षित और पारदर्शी प्रणाली स्थापित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
बैठक में अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी समीक्षा की गई, जिनमें छात्रों का शैक्षणिक तनाव कम करने के लिए उन्हें परीक्षा के अधिक अवसर देना, परीक्षा पैटर्न को पाठ्यक्रम (सिलेबस) के अनुरूप बनाना और छात्रों को प्रतियोगी तथा प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी में मदद करने के लिए मार्गदर्शन और प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराना शामिल था।
जारी बयान के मुताबिक, इस बैठक का मुख्य उद्देश्य एनटीए परीक्षाओं के आयोजन के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल बिठाना था, ताकि छात्रों को एक सुरक्षित, भरोसेमंद और छात्र-केंद्रित परीक्षा प्रणाली मिल सके।
यह बैठक 'वी. राधा समिति' की अंतरिम रिपोर्ट सौंपे जाने के कुछ दिनों बाद हुई है। महाराष्ट्र सरकार द्वारा गठित सात सदस्यीय इस उच्च-स्तरीय टास्क फोर्स को राज्य की भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था में व्यापक सुधार लाने का काम सौंपा गया था।
समिति ने महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) द्वारा आयोजित परीक्षाओं पर अपनी अंतरिम रिपोर्ट में पेपर लीक, देरी और प्रक्रियात्मक अनियमितताओं को खत्म करने के लिए कई सिफारिशें की हैं।
समिति को पूरी परीक्षा प्रक्रिया पेपर सेट करने और मॉडरेशन से लेकर मूल्यांकन, अंकों के नॉर्मलाइजेशन और अंतिम परिणाम तक की समीक्षा करने और यूपीएससी तथा अन्य राज्य आयोगों की सर्वोत्तम प्रथाओं के साथ इसकी तुलना करने का काम दिया गया था। राज्यभर में परामर्श के दौरान समिति ने विभिन्न राजस्व संभागों के अभ्यर्थियों से सीधे बात की और उन्हें 72,000 से अधिक सुझाव ईमेल के जरिए प्राप्त हुए।
समिति की विस्तृत अंतिम रिपोर्ट (जो जनवरी 2027 के आसपास आने की उम्मीद है) से पहले अभ्यर्थियों की तत्काल शिकायतों को दूर करने के लिए, समिति ने अपनी अंतरिम रिपोर्ट में एक सिफारिश की है। इसके तहत 31 दिसंबर 2027 तक जारी होने वाले सभी भर्ती विज्ञापनों के लिए ऊपरी आयु सीमा में एक बार के लिए एक साल की छूट देने का सुझाव दिया गया है। इससे उन अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी जो परीक्षाएं टलने या जांच लंबित रहने के कारण प्रभावित हुए हैं।
समिति ने एमपीएसी ग्रुप-सी संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा 2026 में एक शुद्धिपत्र के माध्यम से 11,000 से अधिक नए पदों को जोड़ने का प्रस्ताव दिया है, जिससे कुल रिक्तियों की संख्या बढ़कर 16,717 हो जाएगी।
इसके अलावा समिति ने आवेदन पोर्टल को एक बार फिर से खोलने की सिफारिश की है, ताकि आयु सीमा में छूट के कारण नए पात्र बने अभ्यर्थी आवेदन कर सकें। साथ ही मौजूदा आवेदकों को भी यह सुविधा देने का सुझाव दिया गया है कि वे अपने पुराने आवेदनों को रद्द किए बिना अपनी एमपीएसी प्रोफाइल में शैक्षिक योग्यता या आरक्षण से जुड़ी जानकारी अपडेट कर सकें।
समिति ने प्रश्न पत्रों और ओएमआर शीट की छपाई, भंडारण और परिवहन के लिए कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने की मांग की है। इसमें पुलिस की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, सिग्नल जैमर और परीक्षा केंद्रों पर प्रशिक्षित कर्मचारियों की मौजूदगी शामिल है।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी