दिल्ली के करावल नगर में हत्या का मामला सुलझा, आरोपी गिरफ्तार, तलवार बरामद
नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली के करावल नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज हत्या के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के साथ कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल किए गए हथियार, मोबाइल फोन और घटना के दौरान पहने गए कपड़ों की बरामदगी कर ली गई है, जिसके साथ पुलिस ने ये मामला साथ सुलझा लिया है।
पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर को रात करीब 11.20 बजे करावल नगर पुलिस स्टेशन को सूचना मिली कि दिल्ली के एमसीडी टोल टैक्स के पास शहीद भगत सिंह कॉलोनी की गली नंबर 5 में एक व्यक्ति को धारदार हथियार से चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही करावल नगर के स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) अन्य कर्मियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
घायल व्यक्ति को उसके परिवार वाले जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले गए थे। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पीड़ित की पहचान हिमांशु उर्फ जीत (35 वर्ष) के रूप में हुई।
फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का मुआयना किया और संबंधित साक्ष्य एकत्र किए।
घटना के बाद, 8 अक्टूबर को करावल नगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत एफआईआर संख्या 288/26 दर्ज की गई और जांच शुरू की गई।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान, एसएचओ के नेतृत्व में और एसीपी यतिन शर्मा की देखरेख में गठित समर्पित पुलिस टीमों ने मृतक के चाचा 45 वर्षीय हरीश कुमार शर्मा का पता लगाया।
पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला कि घटना से पहले पारिवारिक आर्थिक विवाद हुआ था। हिमांशु और शर्मा के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद शर्मा ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
आरोपी के कहने पर पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई तलवार, एक मोबाइल फोन और घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के करावल नगर क्षेत्र के न्यू सबापुर गुजरां का निवासी आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वह कुख्यात अपराधी (बीसी) की सूची में भी नहीं है। मामले की आगे की जांच जारी है।
--आईएएनएस
एमएस/