मुंबई रिडेवलपमेंट से 2031 तक 1.50 लाख करोड़ रुपए के करीब 59,000 नए घर तैयार होंगे: रिपोर्ट
मुंबई, 15 जून (आईएएनएस)। मुंबई रिडेवलपमेंट पाइपलाइन से 2031 करीब 59,000 नए घर तैयार होंगे और इनकी वैल्यू 1.50 लाख करोड़ रुपए होगी। इस दौरान शहर अलग-अलग घरों से बड़ी बिल्डिंग की तरफ शिफ्ट हो जाएगा। यह जानकारी सोमवार को जारी रिपोर्ट में दी गई।
प्रोपर्टी कंसल्टेंट नाइट फ्रैंक इंडिया की ओर से जारी रिपोर्ट में कहा गया कि सोसाइटी रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स से 9,115 करोड़ रुपए की स्टांप ड्यूटी सरकार को मिल सकती है।
रिपोर्ट में बताया गया कि 2026 की शुरुआत में रिडेवलपमेंट गतिविधियां मजबूत रही है। यह इस बात से अधिक स्पष्ट होता है कि इस साल के पहले 90 दिनों में करीब 70 डेवलपर एग्रीमेंट (डीए) हुए हैं, जो कि पूरे 2025 में हुए कुल एग्रीमेंट्स का 30 प्रतिशत है।
मुंबई में डीए का आंकड़ा 2020 से पहली बार 1,050 के आंकड़े के पार निकल गया है। इसके साथ 1,094 सोसाइटी फिलहाल रिडेवलपमेंट में हैं, जिसमें 432 एकड़ भूमि पर काम चल रहा है।
रिडेवलपमेंट का काम तेजी से मुंबई के उपनगरों में केंद्रित हो रहा है, जहां पाइपलाइन का 95 प्रतिशत हिस्सा है। इसमें वेस्टर्न सबर्ब्स सबसे आगे हैं, जहां 773 सोसायटियों का रिडेवलपमेंट हो रहा है, और उसके बाद सेंट्रल सबर्ब्स का नंबर आता है, जहां 261 सोसायटियां हैं।
रिपोर्ट में शहर में बढ़ती शहरी आबादी के घनत्व और पुराने होते हाउसिंग स्टॉक (आवासों) का जिक्र किया गया है।
मुंबई में लगभग 1.6 लाख इमारतें 30 साल से अधिक पुरानी हैं और उन्हें स्ट्रक्चरल ऑडिट के लिए चुना गया है। इनमें से सबसे अधिक इमारतें वेस्टर्न सबर्ब्स (46 प्रतिशत) में हैं, इसके बाद आइलैंड सिटी (28 प्रतिशत) और ईस्टर्न सबर्ब्स (26 प्रतिशत) का स्थान है।
मुंबई का जनसंख्या घनत्व, जो लगभग 30,600 व्यक्ति प्रति वर्ग किलोमीटर है, टोक्यो, न्यूयॉर्क शहर और सिंगापुर जैसे वैश्विक शहरी केंद्रों की तुलना में काफी अधिक है।
--आईएएनएस
एबीएस