मुंबई में मेटा कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष समेत 4 नामजद
मुंबई, 21 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस ने शनिवार को शहर के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित मेटा बिल्डिंग के बाहर हुए विरोध-प्रदर्शन और तोड़फोड़ के मामले में एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में मुंबई यूथ कांग्रेस की अध्यक्ष जीनत सबरीन समेत चार लोगों को नामजद किया गया है। 15 से 20 अज्ञात महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है।
एफआईआर के अनुसार, यह घटना 20 नवंबर को शाम करीब 5.40 बजे बीकेसी रोड पर स्थित मेटा बिल्डिंग के बाहर हुई। बताया जा रहा है कि वहां 20 से 25 लोग इकट्ठा हुए और नारेबाजी करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया।
लाल रंग की फूलों वाली ड्रेस पहने एक महिला ने बिल्डिंग के कांच के बाहरी हिस्से पर "मेटा-**** का बेटा" लिख दिया, जिससे कांच को नुकसान पहुंचा। प्रदर्शनकारियों ने वहां काफी हंगामा किया।
एफआईआर में नामजद लोगों में मुंबई यूथ कांग्रेस की अध्यक्ष जीनत सबरीन, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव पवन मजेठिया, निखिल रूपारेल और जाफर शामिल हैं। बीकेसी पुलिस स्टेशन ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(3) और 135, तथा 'महाराष्ट्र संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 1995' की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया है।
यह विरोध-प्रदर्शन, 20 नवंबर को देश भर में कई जगहों पर मेटा के खिलाफ यूथ कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रदर्शनों की एक श्रृंखला का हिस्सा था।
ये प्रदर्शन, नेशनल यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के सोशल मीडिया अकाउंट सस्पेंड किए जाने के विरोध में किए गए थे। यूथ कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि मेटा ने उनकी हजारों पोस्ट को बैन कर दिया है या हटा दिया है।
नेशनल यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भी कंपनी और उसकी नीतियों की आलोचना की है। एक पोस्ट में संगठन ने कहा, "आपका (मेटा के सीईओ और फेसबुक के सह-संस्थापक मार्क जुकरबर्ग) एल्गोरिदम, खुद भाजपा की तुलना में राहुल गांधी की तस्वीर से कहीं ज्यादा डरा हुआ लगता है।"
पुलिस इस घटना की जांच कर रही है और विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुई तोड़फोड़ और व्यवधान के आरोपों की पड़ताल कर रही है।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी