मुंबई में मॉनसून का कहर : 99 से अधिक पेड़ गिरे, शॉर्ट सर्किट के 13 मामले सामने आए
मुंबई, 2 जुलाई (आईएएनएस)। पिछले 24 घंटों से मुंबई में तेज हवाओं के साथ लगातार भारी बारिश हो रही है। इससे पूरे शहर का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अनुसार, पेड़ या उनकी शाखाएं गिरने की 99 से अधिक घटनाएं दर्ज की गई हैं। इसके अलावा, शॉर्टसर्किट के करीब 13 मामले और दीवार गिरने व जलभराव की छह घटनाएं भी सामने आई हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए अगले तीन घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और कुछ जगहों पर जोरदार बारिश की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि मुंबई शहर और आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहेगी और रात तथा सुबह-सुबह बहुत ज्यादा बारिश होने की संभावना है। 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
गुरुवार को मुंबई और आसपास के जिलो में मॉनसून की भारी बारिश जारी रही, जिसके चलते पालघर जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा कर दी। आईएमडी के अपग्रेडेड रेड अलर्ट के बाद मुंबई मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के अधिकारी हाईअलर्ट पर हैं।
लगातार हो रही बारिश के कारण इस इलाके में मौसम से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई है और दो अन्य घायल हो गए हैं।
खारघर में एक 17 साल का लड़का तालाब में डूब गया। भिवंडी में बिजली का झटका लगने से एक 26 साल के व्यक्ति की मौत हो गई जबकि मुंबई के वालकेश्वर इलाके में एक इमारत का हिस्सा गिरने से 51 साल के एक व्यक्ति की जान चली गई।
एक अन्य घटना में नवी मुंबई के कामोठे इलाके में एक इमारत की छत गिरने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
इस बीच, नवी मुंबई के नेरुल में पानी से भरे इलाके में बिजली के संपर्क में आने से दो लड़कियां घायल हो गईं। यह घटना भारी बारिश के दौरान बाढ़ और खुले बिजली के इन्फ्रास्ट्रक्चर से होने वाले खतरों को उजागर करती है।
मुंबई में पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। पूर्वी उपनगरों में सबसे ज़्यादा बारिश दर्ज की गई है, जिसके कारण शहर के कई हिस्सों में बड़े पैमाने पर जल-जमाव और कामकाज में रुकावटें आई हैं।
बीएमसी के अनुसार, 1 जुलाई की सुबह 8:00 बजे से गुरुवार सुबह 6:00 बजे के बीच मुंबई शहर में 134 एमएम, पूर्वी उपनगरों में 164 मिलीमीटर और पश्चिमी उपनगरों में 149 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
पूर्वी उपनगर सबसे अधिक प्रभावित रहे। यहां मुलुंड के मीठा म्युनिसिपल स्कूल में सबसे ज़्यादा 218.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद एस वार्ड कार्यालय में 212 मिमी और पवई के पासपोली म्युनिसिपल स्कूल में 208.4 मिमी बारिश हुई। वहीं, गवनपाडा फायर स्टेशन और मानखुर्द फायर स्टेशन में क्रमशः 205.8 मिमी और 200 मिमी बारिश दर्ज की गई।
पश्चिमी उपनगरों में भी भारी बारिश दर्ज की गई। यहां एसडब्ल्यूएम सांताक्रूज़ वर्कशॉप में सबसे ज़्यादा 216 मिमी बारिश हुई। इसके बाद सांताक्रूज़ के नारियलवाड़ी स्कूल में 214.4 मिमी और अंधेरी फायर स्टेशन में 204 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, कूपर अस्पताल में 193.2 मिमी और के-वेस्ट वार्ड कार्यालय में 192.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मुंबई शहर में सबसे ज़्यादा 187.8 मिमी बारिश जी-साउथ वार्ड कार्यालय में दर्ज की गई। इसके बाद एफ-साउथ वार्ड कार्यालय में 179 मिमी और एफ-नॉर्थ वार्ड कार्यालय में 175 मिमी बारिश हुई। वहीं, वडाला के बी-नाडकर्णी पार्क म्युनिसिपल स्कूल में 173.6 मिमी और वर्ली के आदर्श नगर स्कूल में 172.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
--आईएएनएस
एसएचके/पीएम